प्रियंका गांधी ने मायावती को दिया जवाब- कोई कन्फ्यूजन नहीं, हमारी लड़ाई BJP के खिलाफ
प्रयागराज। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल हर दिन दिलचस्प मोड़ ले रहा है। महागठबंधन से आउट कांग्रेस की दरियादिली भी बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती को रास नहीं आ रही है। उन्होंने साफ कह दिया है कि भारतीय जनता पार्टी को परास्त करने के लिए सपा-बसपा का गठबंधन काफी है, ऐसे में कांग्रेस जबरदस्ती सीट छोड़ने का भ्रम न फैलाए। मायावती के इस रुख का सपा ने भी समर्थन किया है, जिसपर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दो टूक अंदाज में जवाब दिया है।

प्रयागराज से वाराणसी तक बोट यात्रा कर रहीं प्रियंका गांधी ने कहा है कि हमारे अंदर किसी प्रकार का कोई कन्फ्यूजन नहीं है, हम भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लड़ रहे हैं। दरअसल, मायावती ने कहा है कि यूपी में सपा-बसपा और आरएलडी का गठबंधन है, ऐसे में कांग्रेस कोई भ्रम पैदा न करे। मायावती के इस बयान का समर्थन करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस को नसीहत दी है।
पीएम पर भी कसा तंज
प्रियंका गांधी ने अपनी 'बोट यात्रा' के पहले पड़ाव के रूप में दुमदुमा घाट को चुना। यहां पर उन्होंने एक सभा को संबोधित किया और आम लोगों से सीधे संवाद किया। प्रियंका ने यहां से मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय में किसानों को काफी समस्या हुई है, आज देश में बेरोजगार घूम रहे हैं। किसानों की मदद के लिए कोई सामने नहीं आ रहा है। प्रियंका ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने उद्योगपति दोस्तों को हजारों-करोड़ रुपये दे दिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नई राजनीति की शुरुआत करने के लिए यूपी भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications