नतीजों के बीच राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, पीएम मोदी को दी जीत की बधाई
नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली है। रूझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी अकेले दम पर 290 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सीटों में कमी होगी, लेकिन चुनाव के नतीजे इससे बिल्कुल इतर हैं। एक तरफ जहां भाजपा 290 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो दूसरी तरफ एनडीए 338 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी तरफ, बीजेपी की ऐतिहासिक बढ़त के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित किया और पीएम मोदी को जीत की बधाई दी।

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और पीएम मोदी को जीत की बधाई, मैंने कहा था कि जनता फैसला करेगी, तो जनता ने फैसला कर दिया है। हम जनता के फैसले का स्वागत करते हैं। दूसरी तरफ, उन्होंने अमेठी के रिजल्ट को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर स्मृति ईरानी जीत रही हैं तो उनको बधाई, अमेठी के लोगों ने अगर उनको चुनने का फैसला किया है तो उनके फैसले का स्वागत है।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी नतीजों की समीक्षा बाद में की जाएगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है ईरानी अमेठी के लोगों का ध्यान रखेंगी। बता दें कि राहुल गांधी अमेठी में ईरानी से 30 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन यूपी में बेहद निराशाजनक रहा है। पार्टी को यूपी में एक सीट रायबरेली पर ही बढ़त है जहां से सोनिया गांधी चुनाव लड़ रही हैं।
कांग्रेस के लिहाज से बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बड़ा झटका लगता दिख रहा है। इन राज्यों में बीजेपी काफी बेहतर प्रदर्शन करती दिखाई दे रही है। मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर बीजेपी को बढ़त हासिल है। छत्तीसगढ़ की 9 सीटों पर बीजेपी आगे है जबकि 2 पर कांग्रेस आगे है। वहीं, झारखंड की बात करें तो एनडीए 12 पर और यूपीए दो सीटों पर आगे है।












Click it and Unblock the Notifications