Lok Sabha Election 2024: कौन से हैं वो 5 राज्य, जहां मोदी को घेरने में पूरा जोर लगा रहा 'INDIA'
INDIA alliance news: 2024 में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए बने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा जारी है और साथ ही खबर है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार को इस गठबंधन का संयोजक बनाया जाएगा।
वहीं, सूत्रों के हवाले से एक खबर ये भी है कि विपक्षी गठबंधन लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा फोकस देश के उन 5 राज्यों पर करने की प्लानिंग बना रहा है, जहां भाजपा बाकी राज्यों के मुकाबले कमजोर है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस नेता इस बात को समझ रहे हैं कि जहां-जहां भाजपा कमजोर नजर आ रही है, सबसे ज्यादा ध्यान उन्हीं राज्यों पर लगाया जाए। और, यही वजह है कि अचानक से बिहार के सीएम नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने पर भी कांग्रेस सहित विपक्ष के कई बड़े दलों में सहमति बन गई है।
ये हैं वो पांच राज्य
दरअसल, बिहार कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि विपक्षी गठबंधन को अपना सबसे ज्यादा जोर पांच राज्यों- कर्नाटक, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में लगाना चाहिए। इन पांच राज्यों में मिलाकर लोकसभा की कुल 179 सीटें हैं और पार्टी को उम्मीद है कि विपक्षी दल मिलकर इन्हीं पांच राज्यों से सबसे ज्यादा सीटें हासिल कर सकते हैं।
नीतीश को नाराज नहीं करना चाहती कांग्रेस
यहां एक बात गौर करने वाली ये भी है कि नीतीश कुमार को अचानक विपक्षी गठबंधन इंडिया का संयोजक बनाए जाने पर सहमति बनना भी इसी रणनीति का हिस्सा है। जेडीयू, कांग्रेस, आरजेडी और लेफ्ट पार्टियों से जुड़े सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार को खुश रखने के लिए ही कांग्रेस ने उन्हें विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने की बात आगे बढ़ाई है।
नीतीश कुमार एनडीए में गए तो क्या होगा?
कांग्रेस के एक दिग्गज नेता ने बताया, 'ऐसे वक्त पर, जब राहुल गांधी एक अहम यात्रा पर निकल रहे हैं, तो हम चाहते हैं कि विपक्षी दलों के बीच भी उत्साह बना रहे। अगर, नीतीश कुमार नाराज होकर भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए में जाते हैं, तो विपक्ष को एकजुट करने की सारी कोशिशें बेकार हो जाएंगी। इंडिया ब्लॉक के ज्यादातर दल इस चिंता को लेकर एकमत भी हैं।'
बिहार में 25 से 30 सीटों पर गठबंधन की निगाहें
वहीं, बात अगर आरजेडी की करें तो शुरुआत में वो नीतीश कुमार को 'इंडिया' संयोजक बनाए जाने के पक्ष में नहीं थी। लेकिन, अब आरजेडी भी समझ चुकी है कि अगर नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति की तरफ रुख करते हैं तो ये बिहार में उसके लिए फायदे का सौदा होगा। 'इंडिया' से जुड़े एक नेता ने बताया कि लालू प्रसाद यादव, कांग्रेस और लेफ्ट दलों को साथ लेकर नीतीश कुमार बिहार में लोकसभा की 25 से 30 सीटों पर जीतने की स्थिति में हैं और यही वजह है कि राष्ट्रीय संयोजक का पद देकर उन्हें विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश के तौर पर सम्मान दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications