Lok Sabha Election: मांड्या सीट पर HD कुमारस्वामी या सुमालता? कौन फूकेंगा बिगुल
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के कुछ ही महीने शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी बिसात बिछाने में जुट गए हैं। इस बीच, कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट की तस्वीर भी कुछ हद तक साफ हो गई है। खबर है कि जेडीएस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी इस सीट से चुनावी रण में होंगे। बीजेपी भी सहमत हो गयी है। उधर, मांड्या की निवर्तमान सांसद सुमालता अंबरीश ने भी मांड्या से ही चुनाव लड़ने का दावा किया है।
इससे पहले, 2019 में मांडया से सुमालता अंबरीश निर्दलीय चुनाव लडी थी। उस वक्त बीजेपी के समर्थन से जीत हासिल की थी। वहीं, त्रिकोणीय मुकाबले में अंबरीश ने एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी को भारी मतों से हराया था। सियासी गलियारों में चर्चा रही कि बीजेपी के अतिरिक्त, अंदरखाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी उन्हें सपोर्ट मिला था। उसके बाद वे निरंतर बीजेपी के साथ बनी रही थीं।

सुमालता को राज्यसभा भेजा जाएगा?
विगत विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने कर्नाटक में बीजेपी के लिए कैंपेन किया था। आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व उनके बीजेपी में शामिल होने की चर्चा थी। हालांकि, प्रदेश में बीजेपी-जेडीएस अलायंस के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि देवगौड़ा परिवार से ही किसी को मांड्या से लोकसभा का टिकट दिया जाएगा। सुमालता को बीजेपी ज्वाइन कराकर राज्यसभा भेजा जाएगा।
अनुमानों पर सुमालता ने लगाया विराम, कहा- मांड्या से लडूंगी चुनाव
फिलहाल, सुमालता अंबरीश ने सभी अनुमानों को खारिज करते हुए विद्रोही तेवर अख्तियार कर लिया है। उनका कहना है कि वे मांड्या से ही चुनाव लडेंगी। इस बीच संभावना इस बात की भी है कि वे कांग्रेस में भी शामिल हो सकती हैं। उनके पति अंबरीश कांग्रेस के टिकट पर मांड्या से चुनाव जीतते रहे थे। उनके निधन के बाद सुमालता को उम्मीद थी कि कांग्रेस उन्हें टिकट देगी। लेकिन, पार्टी के इनकार के बाद वे नाराज होकर निर्दलीय मैदान में उतर गईं और बीजेपी ने उनके समर्थन में मांड्या से उम्मीदवार नहीं उतारा।
कांग्रेस के पास खोई जमीन हासिल करने का मौका
दक्षिणी कर्नाटक में वोक्कालिगा बहुल क्षेत्र मांड्या में बीजेपी का कोई खास जनाधार नहीं है। कोई बड़ा नेता भी नहीं है। वोक्कालिगा समुदाय से आने वाली सुमालता अंबरीश अगर बीजेपी में रहती हैं, तो पार्टी को भविष्य में लाभ हो सकता है। लेकिन, बहरहाल इस चुनाव में बीजेपी को यहां से खोने के लिए कुछ भी नहीं है। वहीं, कांग्रेस के पास अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने का मौका है।
पिछले चुनाव में सुमालता के साथ कन्नड़ फिल्म जगत मजबूती के साथ खड़ा था। दर्शन, यश और व्यंकटेश जैसे सितारों ने सुमालता के लिए कैंपेनिंग की थी। दर्शन और यश जैसे सितारों को बीजेपी के करीब लाने में भी सुमालता का अहम रोल माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications