आखिरी चरण की वोटिंग से पहले राजा भैया ने किया बड़ा दावा, कहा- 'मोदी जी सरकार बनाने जा रहे हैं...'
Raghuraj Pratap Singh (Raja Bhaiya) News: उत्तर प्रदेश की कुंडा सीट से विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने आखिरी चरण के चुनाव के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।
राजा भैया ने इस बार प्रतापगढ़ और कौशाम्बी लोकसभा सीट पर न तो अपने उम्मीदवार उतारे थे और ना ही किसी पार्टी को समर्थन दिया था। उन्होंने अपने समर्थकों को कहा है कि वो अपनी इच्छा के मुताबिक वोट दे सकते हैं। अब उन्होंने कहा है कि तीसरी बार, मोदी सरकार बनाने जा रहे हैं।

वोटिंग से पहले राजा भैया ने दिया बड़ा बयान
राजा भैया ने कहा,
''हमने लोकसभा में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। न ही किसी पार्टी को सपोर्ट किया है। मैंने अपने कार्यकर्ताओं को फ्री छोड़ दिया था। सब अपने मन से वोटिंग कर रहे हैं...क्योंकि हम पूरे देश में नहीं घूम रहे है....लेकिन इतना तो तय है कि मोदी जी, सरकार बनाने जा रहे हैं।''
राजा भैया ने ये बयान देवघर में दिया था। राजा भैया भाजपा सांसद निशिकांत से मुलाकात करने पहुंचे थे। राजा भैया ने आखिरी चरण के वोटिंग से पहले ये बयान देकर साफ कर दिया है कि...उनका झुकाव भाजपा के प्रति है।
हालांकि कुंडा से सात बार विधायक रहे राजा भैया ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में वह किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेंगे।
राजा भैया ने कहा था,
"हमारी पार्टी प्रतापगढ़ या कौशांबी संसदीय सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रही है और न ही हम किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन में हैं। कुंडा और बाबागंज दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हमारे समर्थक और मतदाता लगातार हमसे संपर्क कर रहे थे और पूछ रहे थे कि किसे वोट देना है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद फैसला लिया गया है कि पार्टी लोकसभा चुनाव में किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेगी। हमारे मतदाता और समर्थक अपनी इच्छानुसार वोट कर सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications