किस उम्र के लोगों में कोरोना वायरस का ज्यादा संक्रमण, स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिए आंकड़े
नई दिल्ली। भारत में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस की ताजा स्थिति की जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल एक बार फिर मीडिया के सामने आए। डेली ब्रीफिंग में उन्होंने बताया कि अब तक भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के 2,902 मामले सामने आए हैं। देश में अब तक महामारी से मरने वालों की संख्या 68 पर पहुंच गई है। लव अग्रवार ने स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह भी बताया कि देश में कुल मरीजों में से किस उम्र के लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण ज्यादा है।
Recommended Video

शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए लव अग्रवाल ने बताया कि 9 प्रतिशत रोगी 0-20 वर्ष की आयु के हैं और 42 प्रतिशत रोगी 21-40 वर्ष की आयु के हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों में 33 प्रतिशत मामले 41-60 वर्ष की आयु के रोगियों के हैं और 17 प्रतिशत रोगी 60 वर्ष की आयु पार कर चुके हैं। वहीं, कल से अब तक 601 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, शुक्रवार को 12 लोगों की मौतें भी हुई हैं। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, महामारी से निपटने के लिए संपूर्ण देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू किया गया है।
तबलीगी जमात के संक्रमित लोगों के बारे में जानकारी देते हुए लव अग्रवार ने कहा, अब तक हमने 17 राज्यों के तबलीगी जमात से संबंधित मामले पाए हैं। देशभर में अब तक 1023 कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले निजामुद्दीन मरकज में आजोयित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों में सामने आए हैं। देश में कुल मामलों में से लगभग 30% निजामुद्दीन मरकज के तबलीगी जमात से जुड़े हैं। गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव बताती हैं कि लगभग 22,000 तबलीगी जमात के कार्यकर्ताओं और उनके संपर्कों को बड़े पैमाने पर प्रयास से क्वारंटाइन में रखा गया है।

यह भी पढ़ें: कोरोना के इलाज के लिए 100 साल पीछे गए डॉक्टर्स, ठीक हुए मरीजों के ब्लड में दिखी उम्मीद की किरण












Click it and Unblock the Notifications