UP: 65 वर्षीय दलित बुजुर्ग के साथ दबंगों ने की मारपीट, पेशाब पीने पर किया मजबूर
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में अब एक दलित बुजुर्ग और उसके बेटे के साथ मारपीट और जबरन पिशाब पीने के लिए मजबूर किए जाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार रात एक व्यक्ति द्वारा 65 वर्षीय एक दलित बुजुर्ग को कथित तौर पर पीटा गया और मूत्र पीने के लिए मजबूर किया गया। बुजुर्ग का आरोप है कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ पिछले सप्ताह पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसे वापस लेने के लिए हमलवार ने उनके साथ मारपीट की।

सवालों से घिरी योगी सरकार
गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह से उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ हो रहे आपराधिक मामलों को लेकर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार सवालों से घिरी हुई है। अब दलित बुजुर्ग पर हुए हमले को लेकर इलाके में आक्रोश है, लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रोड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय अमर का दावा है कि सोनू यादव नाम के शख्स ने उन्हें कप में भरकर अपना मूत्र पीने के लिए मजबूर किया।

बेटे पर कुल्हाड़ी से किया था हमला
बुजुर्ग ने कहा, 'सोनू यादव ने कुछ दिनों पहले मेरे बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला किया था और हमने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। इस बात से आग बबूला होकर उसने बीती रात मुझे अपना पेशाब पीने के लिए मजबूर किया, जब मैंने मना किया तो उनसे मुझ पर लाठी से हमला किया। वह चाहता था कि हम उसके खिलाफ दर्ज शिकायत को वापस लें और समझौता कर लें।'

पुलिस अधीक्षक बोले- गुंडई बर्दाश्त नहीं
वहीं, दूसरी ओर इस मामले पर ललितपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिर्जा मंजर बेग ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'कुछ प्रभावशाली लोगों ने रोड़ा गांव में 2 ग्रामीणों की पिटाई की। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। हम किसी भी तरह की गुंडई को बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

यह भी पढ़ें: हाथरस पहुंची सीबीआई की टीम, घटनास्थल का कर रही मुआयना












Click it and Unblock the Notifications