लखीमपुर खीरी हिंसा: कांग्रेस 11 अक्टूबर को देशभर में मौन व्रत करके जताएगी विरोध
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर: कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुईं हिंसा के मामले में बीजेपी पर हमलावर हो चुकी हैं। 03 अक्टूबर की घटना के अगले दिन प्रियंका गांधी का पीड़ित परिवार से मिलने जाना हो या फिर यूपी पुलिस की कार्यशैली को लेकर कांग्रेसियों का सीतापुर पुलिस लाइन के बाहर प्रदर्शन कांग्रेस किसी भी मोर्चे पर यूपी सरकार से लेकर केंद्र सरकार को घेरने में कमी नहीं छोड़ रही है। वहीं अब पूरे देश में सोमवार को कांग्रेस पार्टी मौन व्रत करेगी।

कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार से लगातार गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग कर रही है। वहीं लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक घटना में अब गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को तत्काल बर्खास्त करने और उनके बेटे सहित सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते कांग्रेस सोमवार को मौन व्रत कर अपना विरोध जताएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को एक नोटिस जारी किया गया है, जिसमें पार्टी ने अपनी राज्य /केंद्र शासित प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों को राजभवन या केंद्र सरकार के कार्यालयों के बाहर सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच मौन व्रत का पालन करने के लिए कहा है।
क्राइम ब्रांच कर रही आशीष मिश्र से पूछताछ
वहीं आपको बता दें कि शनिवार को केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्र क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए। वहीं अब सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आशीष मिश्र 3 अक्टूबर हुई लखीमपुर खीरी में अपने ठिकाने का सबूत देने में नाकाम रहे हैं। आशीष मिश्र 3 अक्टूबर की दोपहर 2:36 बजे से 3:30 बजे के बीच कहां थे, इसका सबूत नहीं दे सके।
किसान संगठन भी करेगा प्रदर्शन
इधर लखीमपुर खीरी घटना पर किसान संगठन भी बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। लखीमपुर खीरी की घटना पर किसान नेता राकेश टिकैत ने बताया कि 5 अक्टूबर को पुतला दहन होगा। 18 अक्टूबर को 6 घंटे ट्रेन रोकी जाएगी। 26 अक्टूबर को बैठक होगी और पूरे देश में उनकी कलश यात्राएं निकलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications