महिला दिवस पर स्लीबलेस टॉप पहन कॉलेज आने पर छात्रा को किया परेशान, मारपीट के बाद दी धमकी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक कॉलेज में स्टूडेंट यूनियन के लोगों द्वारा फर्स्ट ईयर की एक छात्रा को कथित तौर पर कपड़े पहनने को लेकर परेशान किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हुई इस शर्मनाक घटना में उस छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने स्लीवलेस कमीज पहन रखी थी। TMCP के कुछ छात्रों ने युवती के साथ मारपीट की और धमकी दी कि कॉलेज में स्लीव लेस कपड़े पहनने की अनुमति नहीं है। यहां सब नहीं चलेगा।

अगर स्लीव लेस कपड़े पहनोगी तो अच्छा नहीं होगा। वहीं इस मामले पर तृणमूल छात्र परिषद के आरोपी छात्रों ने कुछ भी बयान देने से इन्कार कर दिया। छात्रा का आरोप है कि टीएमसीपी के छात्र उसे लगातार धमकियां दे रहे हैं। कॉलेज में कॉमर्स विभाग में फर्स्ट ईयर की पीड़ित छात्रा ने बताया, 'मैं क्लास में बैठी थी, जब कुछ छात्र अंदर घुस आए और मेरी ड्रेस को लेकर सवाल उठाने लगे। उन्होंने मेरी ड्रेस को कॉलेज के नियम और शिष्टाचार के खिलाफ बताया। मैंने उन्हें बताना चाहा कि यह कपड़ा बिल्कुल भी खराब नहीं है, लेकिन उन्होंने मेरी एक ना सुनी।'
छात्रा ने अपने साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा, 'वे छात्र गुंडागर्दी पर उतर आए और मुझे गालियां बकनी शुरू कर दीं। उन्होंने कहा कि उनके पास राजनीतिक शक्ति है और प्रिंसिपल से शिकायत करने का कोई भी फायदा नहीं है। जब मेरे कुछ दोस्तों ने विरोध किया तो उन्हें क्लास से बाहर निकाल कर बुरी तरह से मारा गया। हम इस घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराएंगे।' वहीं ऑल इंडिया तृणमूल स्टूडेंट कांग्रेस के अध्यक्ष तिरांकुर भट्टाचार्य ने कहा, 'हम इस तरह की घटना की निंदा करते हैं और कॉलेज कैंपस में किसी तरह के फतवा का समर्थन नहीं करते हैं। इस मामले में शामिल छात्रों का हमारे संगठन से कोई लेना-देना नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications