Kolkata Beef Controversy: बीफ परोसे जाने पर बीजेपी भड़की, 'बंगाल में हिंदुओं को जबरन खिलाया जा रहा गोमांस'
Kolkata Beef Controversy: कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित एक मशहूर रेस्टोरेंट में यूट्यूबर को बीफ परोसे जाने पर बवाल मच गया है। दरअसल यूट्यूबर ने अपने वीडियो में बताया था कि मटन की जगह बीफ परोसा गया था। अब इस घटना पर सियासी बवाल भी शुरू हो गया है। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने कहा कि बंगाल में हिंदुओं को अब बीफ खाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यूट्यूबर सायक अपने दो दोस्तों के साथ ओलीपब नाम के रेस्टोरेंट में गए थे। यहां उन्होंने मटन स्टेक का ऑर्डर दिया था। आरोप है कि वेटर ने गलती से उन्हें बीफ स्टेक परोस दिया। बाद में जब यूट्यूबर ने इस पर आपत्ति जताई तो वेटर ने गलती स्वीकार ली थी।

Kolkata Beef Controversy: बीजेपी ने ममता सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने इस घटना को लेकर ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यह घटना सिर्फ खान पान की गलती भर नहीं है। यह सीधे तौर पर धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार गो-तस्करी और अवैध कटान पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल रही है।
बीजेपी नेता कीया घोष ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर यही घटना किसी दूसरे समुदाय के साथ होती तो बड़ा हंगामा खड़ा हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं को आसान निशाना बनाया जा रहा है। जबरन उन्हें बीफ तक खाने के लिए परोसा जा रहा है।
Kolkata Police ने रेस्टोरेंट पर की कार्रवाई
कोलकाता पुलिस के अनुसार, यूट्यूबर की शिकायत के आधार पर रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
यूट्यूबर सायक ने घटना के बाद वेटर और मैनेजर के साथ हुई बातचीत का वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने बताया कि ऑर्डर मटन का था, लेकिन प्लेट में बीफ परोसा गया। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications