VIDEO: डॉक्टर ने बताया मास्क ना पहनने से क्या फर्क पड़ता है
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इस बीमारी से बचने के लिए अब तक कोई वैक्सीन नहीं बनी है। इसके साथ ही लॉकडाउन में भी काफी ढील कर दी गई है, जिसके चलते मॉल से लेकर अन्य कई तरह की गतिविधियों को छूट दी गई है। पूर्ण लॉकडाउन नहीं होनी की स्थिति में कोई भी वायरस की चपेट में आ सकता है। इसलिए सरकार ने लोगों से जरूरी उपाय अपनाने को कहा है। जिसमें से एक है मास्क पहनना। देश के हर राज्य में लोगों का मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में लोगों के जहन में ये सवाल उठना लाजमी है कि एक मास्क हमें इस खतरनाक वायरस से आखिर कैसे बचा सकता है।
Recommended Video

एक बार खांसने से बुझ गई मोमबत्ती
इसे लेकर ट्विटर पर एक डॉक्टर ने वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के जरिए उन्होंने ये बताने की कोशिश की है कि आखिर मास्क पहनना क्यों जरूरी है। वीडियो के शुरुआत में डॉक्टर ने मास्क पहना हुआ है और हाथ में एक मोमबत्ती ली है। वह मुंह पर मास्क पहने हुए ही फूंक मारकर या खांसकर मोमबत्ती को बुझाने की कोशिश करते हैं। लेकिन मोमबत्ती नहीं बुझती। इसके बाद डॉक्टर ने मास्क उतारा और मोमबत्ती की ओर एक बार खांसा, जिससे मोमबत्ती पहली बार में ही बुझ गई।

इस वजह से जरूरी है मास्क पहनना
इससे डॉक्टर ने ये बताने की कोशिश की है कि अगर कोई कोरोना वायरस से संक्रमित है लेकिन वो मास्क पहनता है तो अन्य लोग संक्रमित होने से बच जाएंगे। क्योंकि मास्क की सहायता से धूल के सूक्ष्म कणों और रोगाणुओं को रोका जा सकता है। मास्क वायरस और बैक्टीरिया से आपको बचाता है। ऐसे में एक मास्क ही काफी हद तक किसी को भी वायरस से संक्रमित होने से बचा सकता है। इसके अलावा अगर आपके आसपास कोई ऐसा शख्स है, जो कोरोना वायरस से संक्रमित है और बिना मास्क के खांसता या छींकता है, तब भी आपका मास्क इससे आपको बचा सकता है।

तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
ऐसे में वायरस से बचाव के लिए मास्क पहनने के साथ-साथ सोशल डिस्टैंसिंग के नियम का पालन करना भी काफी जरूरी है। देश में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 19,459 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 380 मरीजों की मौत हुई है। भारत में अब पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5,48,318 है। इसमें 2,10,120 सक्रिय मामले, 3,21,723 ठीक / विस्थापित / डिस्चार्ज और 16,475 मौतें शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications