जानिए, कैसे जेल में बंद सुकेश ने अरबपति की पत्नी को लगाया 200 करोड़ रुपए का चूना?
सुकेश को लेकर नया खुलासा, अरबपति की पत्नी को लगाया करोड़ों का चूना
नई दिल्ली, 16 दिसंबर: 200 करोड़ रुपए की जबरन वसूली और धोखाधड़ी के आरोपी सुकेश चन्द्रशेखर ने गुरुवार को जेल में अपनी जान को खतरा बताया। तिहाड़ प्रशासन को लिखे पत्र में सुकेश ने दावा किया कि अंकित गुर्जर की तरह उसकी भी जेल में हत्या करवाई जा सकती है। इस बीच सुकेश चन्द्रशेखर को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है, जिससे पता चला कि जेल में रहते हुए आखिर उसने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से 200 करोड़ रुपए की ठगी कैसे की?

सुकेश ने कैसे दिया ठगी को अंजाम
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक सुकेश चन्द्रशेखर ने सिर्फ फोन के जरिए ही अदिति सिंह को सरकारी अधिकारी बनकर इतनी बड़ी ठगी को अंजाम दिया। ये कहानी तब शुरू होती है जब एक पूर्व अरबपति जेल पहुंच जाता है, उसकी जमानत के लिए उसकी पत्नी एक शख्स से घूस के पैसों को लेकर घंटों बात करती है। उस महिला को लगता है कि उसकी बात देश के गृह सचिव समेत वरिष्ठ सरकारी अधिकारी से हो रही है। शख्स से वो महिला गृह मंत्री से एक मुलाकात कराने का आग्रह करती है, लेकिन उसे कहा जाता है कि ये सब एक निश्चित समय पर होगा।
पार्टी फंड के नाम पर मांगे गए थे पैसे
फोन पर महिला उस शख्स से पैसों लेकर बात करती है, जिसके भुगतान के लिए उसे कहा जाता है। उसने 'पार्टी फंड' के नाम पर वो बड़ी धनराशि दी थी। हालांकि महिला को ये जानने में महीनों लग जाते हैं कि जिस शख्स से उसकी बात हो रही थी वो कोई सरकारी अधिकारी नहीं बल्कि एक ठग है और वह उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। जुलाई में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा सतर्क किए जाने के बाद महिला एजेंसी के साथ चैट रिकॉर्ड साझा करती है।
बड़ा सवाल- जेल में कैसे मिला फोन?
इसके बाद महिला ने 200 करोड़ रुपए तक की जबरन वसूली और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज कराया। इस कहानी का बड़ा ट्विस्ट तब आता है जब पता चलता है कि महिला को फोन करने वाला वह खुद जेल में बंद है। अब सवाल ये उठता है कि आखिर उस ठग के पास जेल में फोन कहां से आया। यह भी पता चला है कि वह ऐसा सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करता था जिससे वह झूठा उच्च अधिकारी बन किसी को भी धोखा दे सकता था।
Recommended Video
कुल 84 रिकॉर्डिंग आई सामने
महिला और शख्स के बीच बातचीत की कुल 84 ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसे प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया है। बता दें कि इस रिकॉर्डिंग से 2017 से जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ ईडी को केस और मजबूत करने का मौका मिला। जिस महिला ने इस काम में ईडी की मदद की उनका नाम अदिति सिंह हैं, उनके पति शिविंदर सिंह, एक समय में अपने भाई मालविंदर सिंह के साथ फार्मा दिग्गज रैनबैक्सी के सह-मालिक थे। शिविंदर सिंह को 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications