Kisan Credit Card: किसानों के लिए बड़ा ऐलान, बढ़ाई गई KCC की सीमा, सिर्फ 4% ब्याज पर मिलेगा 5 लाख तक लोन
Kisan Credit Card: देश में आज भी करोड़ों लोग खेती पर निर्भर हैं। बीज, खाद, सिंचाई, ट्रैक्टर, मशीनरी और मजदूरी जैसे अनेक खर्चे किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती बनते हैं। ऐसे में अगर समय पर सस्ता कर्ज मिल जाए, तो खेती करना आसान हो जाता है और किसान आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनता है।
किसानों की इसी जरूरत को समझते हुए केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के तहत मिलने वाले लोन की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। यह बदलाव किसानों को उनकी खेती और उससे जुड़े कार्यों के लिए आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस योजना के तहत किसानों को अब कम ब्याज पर आसानी से कर्ज मिलेगा, जिससे वे खेती की तैयारी, सिंचाई, मशीनों की खरीद, मवेशियों की देखभाल और अन्य जरूरी कामों में पैसे की कमी महसूस नहीं करेंगे। किसान क्रेडिट कार्ड योजना पहले से ही देशभर में करोड़ों किसानों की मदद कर रही है और अब इसकी सीमा बढ़ने से इसका फायदा और अधिक किसानों को मिल सकेगा।
ये भी पढ़ें: Kale Gehun Ki Kheti: शिक्षक से किसान बनकर बीमार पत्नी के लिए उगाया काला गेहूं, किन बीमारियों में मिला फायदा?
3 लाख फसल के लिए, 2 लाख खेती के कामों के लिए
नई व्यवस्था के तहत किसान अब कुल 5 लाख रुपये तक का लोन ले सकेंगे। इसमें 3 लाख रुपये फसल की बुवाई और देखरेख के लिए मिलेंगे, जबकि बाकी 2 लाख रुपये खेती से जुड़े अन्य कामों जैसे सिंचाई, मशीनरी या कृषि उपकरण खरीदने के लिए दिए जाएंगे।
ब्याज दर सिर्फ 4 प्रतिशत
सरकार की इस स्कीम में किसानों को 7 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन दिया जाता है। लेकिन अगर किसान समय पर लोन चुकाता है, तो उसे 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलती है। इसके अलावा 1.5 प्रतिशत की छूट पहले से ही सरकार देती है। इस तरह किसानों को प्रभावी रूप से केवल 4 प्रतिशत ब्याज देना होता है।
2 लाख रुपये तक का लोन बिना किसी गिरवी के
इस योजना की खास बात यह है कि 2 लाख रुपये तक का लोन बिना किसी गारंटी या संपत्ति गिरवी रखे भी मिल जाता है। यानी किसान को इस राशि के लिए कोई दस्तावेज गिरवी नहीं रखने होते।
देशभर में 7.75 करोड़ KCC अकाउंट
किसान क्रेडिट कार्ड की मदद से लाखों किसान लाभ उठा रहे हैं। देशभर में अभी तक 7.75 करोड़ से ज्यादा KCC अकाउंट खोले जा चुके हैं। यह योजना किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।
कृषि लोन में जबरदस्त बढ़ोतरी
2013-14 में जहां कृषि लोन का कुल वितरण ₹7.3 लाख करोड़ था, वहीं 2023-24 में यह बढ़कर ₹25.49 लाख करोड़ हो गया है। 2014 में ₹4.26 लाख करोड़ का संस्थागत कृषि लोन दिया गया था, जबकि दिसंबर 2024 तक यह आंकड़ा ₹10.05 लाख करोड़ तक पहुंच गया।
1998 में हुई थी शुरुआत
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत साल 1998 में भारत सरकार, आरबीआई और नाबार्ड ने मिलकर की थी। इसका उद्देश्य किसानों को आसान शर्तों पर लोन उपलब्ध कराना था, जिससे खेती करना आसान हो सके।
KCC लोन के प्रकार
इस योजना के तहत दो तरह के लोन दिए जाते हैं -
- सुरक्षित लोन: जिसमें संपत्ति गिरवी रखनी होती है।
- असुरक्षित लोन: इसमें गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती।
आवश्यक दस्तावेज
KCC के लिए आवेदन करते समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं -
- पासपोर्ट साइज फोटो
- आधार कार्ड
- वोटर आईडी कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- जमीन के कागजात
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
- अपने बैंक की वेबसाइट पर जाएं
- Kisan Credit Card के लिंक पर क्लिक करें
- अप्लाई बटन पर जाएं और सभी जरूरी जानकारी भरें
- फॉर्म सब्मिट करने के बाद एक रेफरेंस नंबर मिलेगा
- पात्र होने पर बैंक 5 दिन के भीतर संपर्क करेगा
अगर कार्ड 15 दिन में न मिले तो कहां करें शिकायत
यदि आवेदन के 15 दिन बाद भी किसान क्रेडिट कार्ड नहीं मिलता है, तो किसान बैंकिंग लोकपाल से शिकायत कर सकता है। इसके अलावा आरबीआई की वेबसाइट cms.rbi.org.in पर जाकर शिकायत दर्ज की जा सकती है। किसानों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 0120-6025109 / 155261 और ईमेल [email protected] भी उपलब्ध है।
ये भी पढ़ें: Ayushman Card: कैसे करें आयुष्मान कार्ड के लिए ऑनलाइन अप्लाई? चेक करें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस












Click it and Unblock the Notifications