Kerala Results 2021: केरल में बिना खाता खोले BJP बनी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी, जानिए कैसे?
तिरुवनंतपुरम, मई 2। जिन पांच विधानसभा चुनावों के लिए नतीजे 2 मई को घोषित किए हैं उनमें दक्षिण का राज्य केरल भी है। केरल में 4 दशकों के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब सत्ताधारी पार्टी को ही फिर से जनता ने मौका दिया है। 140 सदस्यों वाली विधानसभा में केरल के वाममोर्चा गठबंधन को 97 सीटें मिली है। केरल इकलौता राज्य था जहां पर कांग्रेस को सबसे ज्यादा उम्मीद थी लेकिन उसे हार मिली है। वहीं केरल में पहली बार बड़ी उम्मीद लगाए बीजेपी का खाता भी नहीं खुला है।

बीजेपी को केरल में तगड़ा झटका लगा है। पिछली बार के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जहां एक सीट मिली थी वहीं इस बार पार्टी का खाता भी नहीं खुला है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी के कथित सीएम कैंडीडेट मेट्रोमैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन खुद पलक्कड सीट से चुनाव हार गए हैं।
बीजेपी बनी तीसरी बड़ी पार्टी
केरल में बीजेपी भले ही एक भी सीट न जीत पाई हो लेकिन पार्टी के लिए एक अच्छी खबर भी है। दक्षिण के इस राज्य में बीजेपी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी का ये स्थान वोट शेयर के मामले में हैं।
62 सीट जीतकर राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी सीपीआईएम को 25.1 प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं 21 सीट जीतने वाली कांग्रेस को 24.7 प्रतिशत पाकर राज्य में दूसरी सबसे ज्यादा वोट पाने वाली पार्टी बनी है।
वोट शेयर के मामले में बीजेपी तीसरे नंबर पर है जिसे 11.3 प्रतिशत वोट मिले हैं। खास बात यह है कि 11 प्रतिशत वोट पाने वाली बीजेपी को एक भी विधानसभा सीट पर जीत नहीं मिली है।
बीजेपी से कम वोट पाने वाली पार्टियों को ज्यादा सीट
चौथे नंबर पर राज्य में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को 8.53 प्रतिशत वोट मिले हैं जबकि 5वें नंबर पर सीपीआई है जिसे 7.5 प्रतिशत वोट मिले हैं। यहां एक बात और खास है कि जहां 11 प्रतिशत वोट पाकर बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिली है वहीं 8.53% पाने वाले आईयूएमएल को 15 सीट पर जीत मिली है जबकि 7.5% वोट पाकर वोट शेयर के मामले में पांचवें नंबर पर रहने वाली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) को 17 सीट मिली है।












Click it and Unblock the Notifications