MK Stalin पहले गले मिले, फिर क्यों ठुकरा दी Rahul Gandhi की डिमांड? 70 मिनट की बैठक में क्या हुआ?

Delimitation Bill DMK Rejects Congress Demand Reason: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को परिसीमन के मुद्दे पर मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के नेताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। रविवार (29 नवंबर) को चेन्नई में स्टालिन के आवास पर करीब 70 मिनट तक चली बैठक में कांग्रेस ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए डीएमके का समर्थन मांगा। हालांकि, बैठक के बाद स्टालिन ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी अपने रुख पर कायम है।

बैठक की शुरुआत में स्टालिन ने राहुल गांधी का स्वागत किया और उनसे गले मिले। लेकिन परिसीमन के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

delimitation-bill-dmk-rejects-congress-demand

बैठक खत्म होने के बाद स्टालिन नेताओं को विदा करने के लिए प्रवेश द्वार तक आए। इस मुलाकात के बाद परिसीमन को लेकर INDIA गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस जहां प्रस्तावित विधेयक का विरोध कर रही है, वहीं डीएमके का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में विधेयक का समर्थन करने के अलावा उसके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

70 मिनट की बैठक में राहुल गांधी ने स्टालिन से क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैठक के बाद कहा कि विपक्षी नेताओं ने स्टालिन के सामने परिसीमन को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। उन्होंने इसे तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और देश के लिए खतरा बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने स्टालिन से इस खतरे के खिलाफ खड़े होने की अपील की। उनके मुताबिक, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा तमिल संस्कृति और भाषा के लिए चुनौती है। राहुल ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि डीएमके भी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ उसके साथ खड़ी हो। हालांकि, जब उनसे डीएमके के रुख के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि डीएमके ने इस मुद्दे पर क्या कहा या क्या किया है। उन्होंने केवल यह बताया कि बैठक में उनकी ओर से क्या बातें रखी गईं।

स्टालिन ने क्यों नहीं मानी कांग्रेस की मांग?

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बैठक के बाद कहा कि उनकी पार्टी का रुख पहले जैसा ही है। उन्होंने तर्क दिया कि अगर परिसीमन विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु को मिलने वाली मौजूदा सुरक्षा भी खत्म हो सकती है। स्टालिन के मुताबिक, यदि 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता है, तो तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के राज्यों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने इसे दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक अस्तित्व से जुड़ा सवाल बताया।

स्टालिन ने कहा कि संसद में डीएमके की ताकत का इस्तेमाल करते हुए पार्टी ने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में भावनात्मक या बिना सोचे-समझे फैसला लेने की गुंजाइश नहीं है।

उनका कहना था कि डीएमके ने अन्नादुरई से लेकर मौजूदा नेतृत्व तक राज्य के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है और पार्टी आगे भी इस संघर्ष को जारी रखेगी। उन्होंने दोहराया कि तमिलनाडु के हित उनकी पार्टी की प्राथमिकता हैं।

परिसीमन पर DMK और कांग्रेस के बीच कहां फंसा पेच?

परिसीमन का मतलब जनसंख्या और संबंधित संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना है। इस प्रक्रिया को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में चिंता रही है कि जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने वाले राज्यों को भविष्य में संसद में प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान हो सकता है।

कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कई नेता चाहते हैं कि लोकसभा में राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात सुरक्षित रखा जाए और प्रस्तावित परिसीमन का विरोध किया जाए।

दूसरी ओर, डीएमके का कहना है कि विधेयक को हराने से तमिलनाडु को मिलने वाली मौजूदा सुरक्षा भी समाप्त हो सकती है। पार्टी के आईटी विंग ने भी सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि डीएमके 'फेयर डिलिमिटेशन' यानी निष्पक्ष परिसीमन के अपने रुख पर कायम है।

इस तरह दोनों पक्षों के बीच मतभेद केवल विधेयक के समर्थन या विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात पर भी है कि तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए।

अन्नामलाई ने बताया स्टालिन के राहुल से मुंह मोड़ने की वजह

'वी द लीडर्स' के संस्थापक और प्रमुख के. अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने फिल्म 'वीरपांडिया कट्टाबोम्मन' का एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने 'एट्टाप्पनों' (गद्दारों) का जिक्र किया, जो जाहिर तौर पर DMK की ओर इशारा था। इस पर DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने जवाब दिया कि भारत ही तय करेगा कि कौन कट्टाबोम्मन है और कौन एट्टाप्पन... जब DMK के सांसद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले, तो अचानक कांग्रेस नेता एम.के. स्टालिन से मिलने चेन्नई आ गए... DMK अध्यक्ष ने कहा है कि वे परिसीमन (डिलिमिटेशन) का समर्थन करेंगे। यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में सरकार का विरोध करने के लिए कोई वास्तविक विपक्ष नहीं है। हम परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हैं। यह तमिलनाडु और पूरे देश के लिए अच्छा है।

बैठक में कौन-कौन से नेता शामिल हुए?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल स्टालिन से मिलने उनके चेन्नई स्थित आवास पहुंचा था। बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और माकपा महासचिव एमए बेबी समेत कई नेता शामिल हुए। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।

नेताओं का उद्देश्य डीएमके को प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ एकजुट विपक्ष के साथ खड़ा करना था। लेकिन करीब 70 मिनट की चर्चा के बाद भी इस मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।

क्या INDIA गठबंधन में बढ़ेगी दरार?

परिसीमन पर डीएमके और कांग्रेस के अलग-अलग रुख ने विपक्षी गठबंधन के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। कांग्रेस जहां विधेयक का विरोध करने के लिए विपक्षी एकजुटता पर जोर दे रही है, वहीं स्टालिन अपने राज्य के राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+