Kerala NCC Camp: केरल के NCC कैंप में फूड पॉइजनिंग से तनाव! 60 कैडेट बीमार, कर्नल पर हमला; 2 गिरफ्तार
Kerala NCC Camp: केरल के कोच्चि में आयोजित एनसीसी शिविर में भोजन विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) के चलते 60 से ज्यादा कैडेट बीमार हो गए। इसके बाद उपजे तनाव के दौरान सेना के एक अधिकारी पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना थ्रीक्काकारा स्थित केएमएम कॉलेज में 23 दिसंबर को हुई थी, जहां एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी) चल रहा था।

क्या हुआ था शिविर में?
केएमएम कॉलेज में आयोजित एनसीसी कैंप में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण कई कैडेटों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस दौरान शिविर के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल कर्णेयिल सिंह पर दो आरोपियों ने हमला कर दिया। एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने अधिकारी को धमकाया और रात करीब 11:30 बजे उन पर हमला किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने फोर्ट कोच्चि के निषाद और पल्लुरूथी के नवास को इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह हमला शिविर में व्याप्त तनाव का परिणाम था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया और एनसीसी अधिकारियों की पहचान के बाद हिरासत में लिया गया।
एफआईआर में क्या है?
एफआईआर में बताया गया है कि एक आरोपी ने अधिकारी के गाल, गर्दन और पीठ पर नुकीली चीज से वार किया, जिससे वह अपने कर्तव्य का पालन नहीं कर सके। यह हमला तब हुआ जब अधिकारी कैंप कमांडेंट के रूप में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
क्या हैं आरोप?
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (आईपीसी) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें आपराधिक अतिचार, गलत तरीके से रोकना, धमकी देना, और चोट पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इसके साथ ही, उन्हें लोक सेवक को ड्यूटी से रोकने और खतरनाक तरीकों से चोट पहुंचाने के भी आरोप झेलने पड़ रहे हैं।
संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की जांच
एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक ने इस संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की जांच के लिए एक ब्रिगेडियर के नेतृत्व में पैनल गठित किया है। यह पैनल जल्द ही घटना की पूरी रिपोर्ट पेश करेगा।
इस घटना ने एनसीसी शिविरों में सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेना और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Kerala NCC: केरल में 60 से ज्यादा NCC कैडेट अचानक बीमार, अस्पताल में भर्ती, शिविर 2 दिन के लिए स्थगित












Click it and Unblock the Notifications