केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान कोरोना संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी
नई दिल्ली। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। आरिफ मोहम्मद खान की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शनिवार दोपहर को केरल राजभवन की ओर से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई है। आरिफ मोहम्मद खान की ओर से कहा गया है कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि परेशानी की कोई बात नहीं है और मेरी तबीयत ठीक है। बीते हफ्ते दिल्ली में जिन लोगों से मेरी मुलाकात हुई है, उनसे मेरी गुजारिश है कि वो जरूरी एहतियात बरतें और अपना कोरोना टेस्ट करवाएं।
Recommended Video

देश में राजनीतिक जगत के लोग लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। आरिफ मोहम्मद खान से पहले कई बड़े नाम कोरोना से जूझ चुके हैं। इनमें उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू का नाम भी शामिल है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कई दूसरे मंत्री भी कोरोना की चपेट में आए हैं। कई मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। एक केंद्रीय मंत्री की मौत भी कोरोना से हो चुकी है।
केरल में बीते कुछ दिनों एक बार फिर कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। राज्य में अब तक कुल कोरोना के मामले 4 लाख 70 हजार से ज्यादा हो चुके हैं। वहीं देश में भी लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जो आंकड़े जारी किए हैं। उनके मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 50,357 नए मामले आए, जिसके बाद देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 84,62,081 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे में 577 मरीजों की मौत के बाद कुल मृतकों की कुल संख्या 1,25,562 पर पहुंच गई है। देश में कुल सक्रिय मामले 5,16,632 हैं। अभी तक कुल 78,19,887 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications