केरल बाढ़: उमर अब्दुल्ला, आप विधायक देंगे सैलरी, रजनीकांत ने दान किए 15 लाख, जानें कौन दे रहा कितनी मदद
नई दिल्ली। केरल बाढ़ की चपेट में है। केंद्र सरकार ने तबाही झेल रहे इस राज्य को 500 करोड़ की मदद का ऐलान किया है। इसी प्रकार से तेलंगाना सरकार ने मदद को हाथ आगे बढ़ाते हुए 25 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। इसी बीच राज्य के लिए स्वयं सेवी संगठन भी बड़े स्तर पर पैसे इकट्ठा कर दान दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग राहत सामग्री केरल भेज रहे हैं। सुपर स्टार रजनीकांत ने 15 लाख की मदद का ऐलान किया है। हुंडई इंडिया ने 1 करोड़ देने की घोषणा की है।

केरल की मदद के लिए कई राज्य आगे आ रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केरल के लिए 10 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। इसी प्रकार से झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 5 करोड़, महाराष्ट्र सरकार ने 20 करोड़, गुजरात सरकार ने 10 करोड़ की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
केरल में बाढ़ के चलते बुरे हालात हैं, यहां अब तक 357 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल पहुंचे और उन्होंने बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई दौरा भी किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 करोड़ रुपये और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 5 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है।
इसे भी पढ़ें- Kerala floods LIVE: राष्ट्रपति कोविंद ने केरल के सीएम और गवर्नर से की बात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए 10 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। इसी प्रकार से जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला अपनी एक महीने की सैलरी देकर केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की बात कही है।
दिल्ली सरकार ने भी केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए घोषणा की है। आम आदमी पार्टी के सभी विधायक अपनी एक महीने की सैलरी केरल में बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजेंगे। तमिलनाडु सरकार ने भी केरल के लिए 5 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। साथ ही 500 मीट्रिक टन चावल और 300 मीट्रिक टन पाउडर मिल्क भी भेजने का फैसला किया है।
इसे भी पढ़ें- केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बिना सैलरी विमान उड़ाएंगे एयर इंडिया के पायलट












Click it and Unblock the Notifications