केरल की मदद को बढ़े हाथ, एक महीने की सैलरी दान करेंगे AAP के विधायक, मंत्री और सांसद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ट्वीट कर ऐलान किया है कि आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, मंत्री और सांसद अपनी एक महीने की सैलरी केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान करेंगे।
नई दिल्ली। केरल में भारी बारिश और बाढ़ ने कोहराम मचाया हुआ है। पिछले 100 सालों में केरल में आई ये सबसे भयानक बाढ़ है। केरल की इस जलप्रलय में अभी तक 324 लोगों की जान जा चुकी है। लोगों के घर, खेत-खलिहान और खून-पसीने की कमाई पानी में डूब चुके हैं। हर तरफ केवल पानी ही पानी नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया और 500 करोड़ रुपए के राहत पैकेज का ऐलान किया। वहीं, संकट की इस घड़ी में कई राज्यों ने भी केरल के बाढ़ पीड़ित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं।

केरल की मदद को बढ़े हाथ
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ट्वीट कर ऐलान किया है कि आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, मंत्री और सांसद अपनी एक महीने की सैलरी केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को ही अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि दिल्ली सरकार केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 10 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में दान करेगी।

किस राज्य ने की कितनी मदद
आपको बता दें कि केरल में बाढ़ से हुई तबाही के बाद कई राज्य मदद के लिए आगे आए हैं। इनमें पंजाब सरकार ने 10 करोड़, दिल्ली सरकार ने 10 करोड़, ओडिशा सरकार ने 5 करोड़, बिहार सरकार ने 10 करोड़, हरियाणा सरकार ने 10 करोड़, झारखंड सरकार ने 5 करोड़, महाराष्ट्र सरकार ने 20 करोड़, गुजरात सरकार ने 10 करोड़, यूपी सरकार ने 15 करोड़, मध्य प्रदेश सरकार ने 10 करोड़ और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 2 करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया है। वहीं, पंजाब से खाने के एक लाख पैकेट केरल के लिए रवाना किए गए हैं।

11 जिलों में रेड अलर्ट घोषित
इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि केरल में फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने प्रदेश के 11 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत सेना के जवान राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications