कांग्रेस नेता की पुलिस कस्टडी में पिटाई के CCTV से केरल में बवाल, शशि थरूर बोले- ये अमानवीय है
Kerala Custodial Torture: केरल में दो साल पुराना पुलिस कस्टडी में पिटाई का मामला फिर से सामने आया है। इस बार CCTV फुटेज आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कांग्रेस युवा नेता वीएस सुजीत को थाने के अंदर पीटा जा रहा है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इसे बेहद गंभीर और अमानवीय बताया है। उन्होंने कहा कि जो पुलिसवाले ऐसा कर रहे हैं, उन्हें नौकरी में रहने का कोई हक नहीं है। थरूर ने साफ कहा - मुख्यमंत्री और गृह विभाग को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है और मांग कर रही है कि जिन अफसरों ने यह किया है, उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाए।

शशि थरूर ने तुरंत कार्रवाई करने की अपील की
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि एक नागरिक को सिर्फ इसलिए पीटना कि उसने पुलिस की धमकियों पर सवाल उठाए, न केवल गैरकानूनी है बल्कि अमानवीय भी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ऐसे अधिकारी जिन्होंने न्याय और गरिमा के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है, उन्हें पुलिस बल में रहने का कोई अधिकार नहीं है। थरूर ने मुख्यमंत्री और गृह विभाग से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की अपील की।
CCTV फुटेज ने खोली पोल
हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवा कांग्रेस नेता और चोवन्नूर मंडल अध्यक्ष वीएस सुजीत को पुलिस स्टेशन के अंदर ले जाते हुए और फिर बार-बार थप्पड़ और मुक्के मारते हुए देखा गया। यह फुटेज RTI के जरिए सामने आया, जिसे प्राप्त करने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। सुजीत का आरोप है कि पुलिस ने मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने की कोशिश की।
विपक्ष का CM को पत्र
कांग्रेस के विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर आरोपित पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट हिदायतों के बावजूद पुलिस अधिकारियों ने न केवल मामले को दबाया बल्कि चार्जशीट से नाम भी गायब किए। कांग्रेस का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद भी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
मामले ने सड़कों पर भी गरमी बढ़ा दी है। मलप्पुरम में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर नूहमान के घर के बाहर मार्च निकाला। पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश के दौरान झड़प हुई और लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। फिलहाल नूहमान त्रिशूर पुलिस क्वार्टर में रह रहा है।
ये भी पढ़ें Rekha Gupta: 'रिक्शे से पहुंचा CM आवास, मोबाइल से बनाया VIDEO', देखें हमलावर ने कैसे की रेकी? CCTV फुटेज OUT












Click it and Unblock the Notifications