Karnataka: '5 साल सीएम' वाले बेटे यतींद्र के दावे से कैसे कन्नी काट गए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया?
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के बेटे यतींद्र ने अपने पिता के लगातार 5 साल सीएम रहने की संभावना जताकर कांग्रेस सरकार में नेतृत्व के मुद्दे को फिर से गरमा दिया है।
बुधवार को यतींद्र ने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनावों में कर्नाटक में कांग्रेस का बढ़िया प्रदर्शन यह सुनिश्चित कर देगा कि उनके पिता सिद्दारमैया पूरे पांच साल बिना किसी बाधा के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

सरकार बनने के समय दिख चुकी है जबर्दस्त खींचतान
पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने के बाद सीएम सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर काफी खींचतान देखने को मिली थी।
पार्टी ने इसी वजह से न सिर्फ शिवकुमार को इकलौता उपमुख्यमंत्री बनाया, बल्कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भी बने रहने दिया गया।
ढाई साल सीएम पद के फॉर्मूले की लगती रही हैं अटकलें
उस समय कांग्रेस में एक वर्ग की ओर से यह अटकलें लगाई गई थीं कि दोनों नेताओं के बीच सत्ता के बंटवारे का ये फॉर्मूला निकला है कि ढाई साल बाद शिवकुमार मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। हालांकि, इसपर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन इस तरह की अटकलें आज भी जिंदा हैं।
पार्टी हाई कमान ही करता है फैसला- सिद्दारमैया
बेटे के बयान पर जब मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने उत्तर कर्नाटक के बेलगावी में मीडिया वालों से कहा कि सिर्फ कांग्रेस हाई कमान ही तय कर सकता है कि कोई 5 साल तक सीएम रहेगा या नहीं।
सिद्दारमैया ने कहा, 'पार्टी हाई कमान यह फैसला करता है, न तो वो (यतींद्र) यह फैसला करता है और न ही मैं करता हूं।' इससे पहले हासन में एक कार्यक्रम के दौरान यतींद्र ने लोगों से अपील की थी कि वह सिद्दारमैया को अपना समर्थन देना जारी रखें, जिससे कि वे आगे भी सीएम बने रहें।
...तो 5 साल सीएम बने रहने की बेटे ने दी है 'गारंटी'
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सिद्दारमैया के नेतृत्व में कांग्रेस को लोकसभा चुनावों का सामना करना है। पार्टी के पूर्व एमएलए ने कहा, 'उस चुनाव में सिद्दारमैया के नेतृत्व में अगर हम अधिकतर सीटें जीतते हैं, तब हमें नैतिक समर्थन (ताकत) मिलेगा।'
उन्होंने राज्य में कांग्रेस सरकार की ओर से चलाई जा रही गारंटी योजनाओं का बखान करते हुए दावा किया कि कर्नाटक के इतिहास में आम लोगों के लिए अबतक किसी सरकार ने ऐसा नहीं किया है।
इसी दावे के साथ उन्होंने कहा, 'वास्तव में हमें जनता का समर्थन हासिल है, लेकिन लोकसभा चुनाव में आपको कांग्रेस के लिए ज्यादातर सीटें जीतकर और सिद्दारमैया के हाथों को मजबूत करके ये दिखाना पड़ेगा कि इस सरकार को लोगों का समर्थन मिल रहा है।'
वे आगे बोले, 'इस ताकत के दम पर, सिद्दारमैया के लिए अगले 5 साल तक इन गारंटी योजनाओं को जारी रखना और बिना किसी बाधा के 5 साल तक मुख्यमंत्री बने रहना संभव होगा।'
मैं लोगों से कहता हूं के मेरे हाथों को मजबूत करें- डीके शिवकुमार
जब यतींद्र के बयान पर शिवकुमार की प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने इसे ज्यादा तूल देने के बजाए कहा, 'अभी सिद्दारमैया हमारे मुख्यमंत्री हैं। उनके नेतृत्व में मैं कांग्रेस की कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष हूं। हम मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनके ही नेतृत्व में चुनाव होने जा रहा है।'
उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, 'जब मैं लोगों के पास जाता हूं तो उनसे अपील करता हूं के मेरे हाथों को मजबूत करें, जो कि स्वाभाविक है। हमें इसे ट्विस्ट क्यों देना चाहिए? ट्विस्ट देने की कोई जरूरत नहीं है। यतींद्र एक समझदार और उभरते हुए नेता हैं। हमें उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए।' (इनपुट-पीटआई)












Click it and Unblock the Notifications