कर्नाटक के विधायक पहले से ही हैं मालामाल! 31 MLA अरबपति, डिप्टी CM की प्रोपर्टी जान हो जाएंगे दंग
Karnatak Ministers, MLAs Salaries Hike: कर्नाटक विधानसभा में मंत्रियों, विधायकों और कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और भत्तों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कर्नाटक में बढ़ी मंत्री-विधायकों की सैलरी पर सवाल उठ रहे हैं। विधायक और मंत्रियों का गुजारा भत्ता, किराया भत्ता और यात्रा भत्ता भी बढ़ा है। सैलरी बढ़ाने की मांग विधायक बहुत समय से कर रहे थे।
इस फैसले के बाद सरकार पर लगभग 62 करोड़ रुपये का बोझ बढ़ने वाला है। जबकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पहले से ही कह रहे हैं कि उनके पास पैसों की कमी है। सरकार द्वारा फंड की कमी की शिकायत के बीच उठाए गए इस कदम की आलोचना हो रही है और इस पर बहस भी छिड़ गई है।

ऐसे में सोशल मीडिया पर सरकार के लाए इस बिल की आलोचना हो रही है। लोगों का कहना है कि सरकार के पास जनता की सेवा करने के लिए पैसे नहीं हैं लेकिन अरबपति विधायकों की सैलरी बढ़ाने के लिए पैसा है। जी हां... आपको जानकर हैरानी होगी कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार सहित 31 विधायक अरबपति हैं।
कर्नाटक में 31 विधायकों के पास 100 करोड़ की संपत्ति
🔴 एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक में 31 विधायकों के पास 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के पास 1,413 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। डीके शिवकुमार कर्नाटक के सबसे अमीर और देश में दूसरे सबसे अमीर नेता हैं। कर्नाटक के ज्यादातर सबसे अमीर विधायक कांग्रेस पार्टी से हैं।
🔴 बेंगलुरु के गोविंदराजनगर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक प्रिय कृष्ण ने 1,156 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिससे वे कर्नाटक के तीसरे सबसे अमीर विधायक बन हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा देनदारियों वाले विधायकों की राष्ट्रीय सूची में वे सबसे ऊपर हैं।
🔴 भारत के टॉप 10 सबसे अमीर विधायकों में से चार कर्नाटक से हैं। वहीं तीन सबसे ज्यादा देनदारियों वाले विधायकों की सूची में शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि भारत के 119 अरबपति विधायकों में से 76-63 प्रतिशत-सिर्फ तीन राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से हैं। रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश 27 अरबपति विधायकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि महाराष्ट्र 18 के साथ तीसरे स्थान पर है।
🔴 प्रति विधायक 63.5 करोड़ रुपये की औसत संपत्ति के साथ, कर्नाटक आंध्र प्रदेश से थोड़ा पीछे है, जहां औसत विधायक के पास 65 करोड़ रुपये की संपत्ति है। कर्नाटक की राजनीतिक संपत्ति महाराष्ट्र से आगे निकल गई है, जहां औसत विधायक की संपत्ति 43.44 करोड़ रुपये है।
कर्नाटक में विधायकों और मंत्रियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी?
🔴 कर्नाटक विधानसभा ने शुक्रवार 21 मार्च को 'कर्नाटक विधानमंडल वेतन, पेंशन और भत्ते (संशोधन) विधेयक, 2025' पारित किया, जिसमें विधायकों, एमएलसी, मंत्रियों और विधानसभा कर्मचारियों के वेतन और भत्ते में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
🔴 सूत्रों के मुताबिक विधेयक में मुख्यमंत्री के वेतन में 75,000 रुपये से 1.50 लाख रुपये की 100 प्रतिशत वृद्धि और मंत्रियों के वेतन में 60,000 रुपये से 1.25 लाख रुपये की 108 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है।
🔴 विधायकों के वेतन में 40,000 रुपये से 80,000 रुपये की 100 प्रतिशत वृद्धि होगी। मंत्रियों का किराया भत्ता भी 1.20 लाख रुपये से दोगुना कर 2.50 लाख रुपये कर दिया गया है।
🔴 विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति का 75 हजार रुपये मासिक वेतन बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये किया जाएगा। उनके भत्ते 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किए गए हैं। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने प्रस्तावित विधेयक को मंजूरी दे दी। सरकार ने इसमें और देरी न करते हुए बजट सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार 21 मार्च को इसे विधानमंडल में पेश कर दिया।
🔴 इससे पहले विधायकों के वेतन और भत्ते में 2022 में बदला गया था। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने विधायकों के वेतन और भत्ते में पांच साल में एक बार संशोधन करने का फैसला किया था।
🔴 विधायकों ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) में बढ़ोतरी की मांग की थी। विधायकों की पेंशन 50,000 रुपये से बढ़कर 75,000 रुपये हो जाएगी। हवाई जहाज और रेलवे सेवाओं में यात्रा करने के लिए वार्षिक यात्रा भत्ता 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.50 लाख रुपये कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications