बागी कांग्रेस विधायक रोशन बेग को एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया
बेंगलुरू। कर्नाटक में सियासी उठापटक का दौर लगातार जारी है। कांग्रेस से निष्कासित विधायक रोशन बेग को सोमवार को बेंगलुरू एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया है। उन्हें करोड़ो रुपए के घोटाले के मामले में हिरासत में लिया गया है। रोशन बेग को हिरासत में लिए जाने के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें एसआईटी की टीम ने हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रोशन बेग के साथ भाजपा के विधायक भी चार्टर प्लेन में मौजूद थे। इससे साबित होता है कि कांग्रेस-जेडीएस की सरकार को अस्थिर करने में भाजपा का हाथ है।

कुमारस्वामी ने ट्वीट करके लिखा कि आज एसआईटी जोकि आईएमए मामले की जांच कर रही है, उसने रोशन बेग से पूछताछ करने के लिए बीआईएएल एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया, जोकि बीएस येदिरुप्पा के पीए संतोष के साथ चार्टर विमान से मुंबई जाने की कोशिश कर रहे थे। मुझे इस बात की जानकारी दी गई है कि एसआईटी को देखते ही संतोष वहां से भागने लगे। एसआईटी की टीम ने रोशन बेग को हिरासत में ले लिया। भाजपा के विधायक युगेश्वर भी उस वक्त वहां मौजूद थे। यह भाजपा के लिए शर्मनाक है कि वह प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है और पूर्व मंत्री विधायक की भागने में मदद कर रहे हैं।
बता दें कि 16 कांग्रेस-जेडीएस के विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जबकि दो निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। जिसकी वजह से सरकार अल्पमत में आ गई है और भाजपा लगातार कुमारस्वामी से इस्तीफे की मांग कर रही है। सभी बागी विधायक मुंबई के एक होटल में ठहरे हैं, इन विधायकों के इस्तीफे को विधानसभा स्पीकर ने अभी तक स्वीकार नहीं किया है। 10 बागी विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार तक यथास्थिति बनाए रखने को कहा है। बता दें कि गुरुवार को गठबंधन की सरकार का फ्लोर टेस्ट है।












Click it and Unblock the Notifications