RSS की शाखा लगाने के लिए अब लेनी होगी मंजूरी? कर्नाटक में पास हुआ नया बिल, क्या है पब्लिक प्रॉपर्टी बिल?

कर्नाटक में सरकारी स्कूल, कॉलेज, मैदान या दूसरी सार्वजनिक जमीन पर कार्यक्रम करना अब इतना आसान नहीं होगा। राज्य सरकार ने सरकारी परिसरों और सार्वजनिक संपत्तियों के इस्तेमाल को लेकर नया कानून लाने की तैयारी तेज कर दी है। कैबिनेट ने 'कर्नाटक रेगुलेशन ऑफ यूज ऑफ गवर्नमेंट प्रिमाइसेज एंड पब्लिक प्रॉपर्टी बिल, 2026' को मंजूरी दे दी है। इसे विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र में पेश किया जाएगा।

बिल का सीधा मतलब यह है कि सरकारी संपत्ति पर कोई निजी संगठन, संस्था या समूह कार्यक्रम करना चाहता है, तो उसे पहले संबंधित सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इसी वजह से अब सबसे बड़ा सवाल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखाओं और दूसरे सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर उठ रहा है। सरकार के इस कदम को सीधे तौर पर RSS की गतिविधियों और शाखाओं पर नकेल कसने की रणनीति माना जा रहा है।

Karnataka Public property Bill 2026 RSS shakha permission controversy

नए कानून का असली मकसद क्या है?

क्या प्रस्तावित कानून सिर्फ आरएसएस के लिए है? इसपर गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा, "लोग ऐसा क्यों सोच रहे हैं कि यह कानून किसी खास संस्था, क्लब, एनजीओ या संगठन को रोकने के लिए बना है? यह मेरी समझ से बाहर है।" मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस बिल का मुख्य काम सरकारी संपत्तियों का सही इस्तेमाल तय करना और तोड़फोड़ या गलत इस्तेमाल पर रोक लगाना है।

सरकार का कहना है कि नियम सभी संगठनों पर समान रूप से लागू होंगे। यानी आरएसएस हो, कोई सामाजिक संगठन हो, धार्मिक संस्था हो या कोई दूसरा समूह, सरकारी जमीन या सरकारी इमारत के इस्तेमाल से पहले अनुमति जरूरी होगी।

बिल के दायरे में सरकारी स्कूल, सरकारी सहायता प्राप्त संस्थान, मैदान और दूसरी सार्वजनिक संपत्तियां आ सकती हैं। निजी कार्यक्रम, बैठक, सभा या रैली के लिए पहले मंजूरी लेने का प्रावधान रखा गया है। इसका असर आरएसएस की सार्वजनिक बैठकों और मार्ग संचलन जैसे कार्यक्रमों पर भी पड़ सकता है।

बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा सरकारी मैदान

नए विधेयक के लागू होते ही बिना रजिस्ट्रेशन वाले किसी भी संगठन के सरकारी परिसर इस्तेमाल करने पर पूरी तरह पाबंदी लग जाएगी। नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना भी देना होगा। राजनीतिक गलियारों में इस बात की पूरी चर्चा है कि यह नियम लागू होते ही आरएसएस के लिए सरकारी परिसरों में शाखा लगाना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

RSS पर ही क्यों उठ रहे हैं सवाल?

र्नाटक में यह विवाद अचानक नहीं उठा है। कांग्रेस सरकार और आरएसएस के बीच सरकारी संपत्तियों के इस्तेमाल को लेकर पहले से खींचतान चल रही है। पिछले साल गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक जगहों पर आरएसएस की गतिविधियों पर रोक की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इन जगहों पर शाखाएं और दूसरे कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

खड़गे का तर्क था कि सरकारी परिसरों का इस्तेमाल ऐसी गतिविधियों के लिए नहीं होना चाहिए, जिनसे बच्चों और युवाओं के बीच कथित तौर पर नकारात्मक विचार पहुंचते हों। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को भारत की एकता और संविधान की भावना के खिलाफ बताया था।

यही पुराना विवाद अब नए बिल के साथ फिर चर्चा में आ गया है। फर्क इतना है कि इस बार सरकार किसी एक संगठन का नाम लेने के बजाय सार्वजनिक संपत्ति के इस्तेमाल के लिए एक सामान्य कानूनी ढांचा बनाने की बात कर रही है।

सरकार बोली- किसी एक संगठन को निशाना नहीं

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने साफ किया है कि कानून किसी एक पार्टी या संगठन के लिए नहीं बनाया जा रहा। उनका कहना है कि सरकारी जगहों पर किसी भी कार्यक्रम के लिए सही दस्तावेज और अनुमति जरूरी होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से सरकारी जमीन या सड़क का इस्तेमाल कैसे कर सकता है।

गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने भी आरएसएस को निशाना बनाने की बात से इनकार किया है। उनके मुताबिक, सरकार का मकसद सरकारी जमीन, इमारतों, पार्क, मैदान, सड़कों और दूसरी सार्वजनिक संपत्तियों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल और संरक्षण सुनिश्चित करना है। नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई का रास्ता भी कानून में रखा गया है।

RSS के रजिस्ट्रेशन पर पहले से चल रहा विवाद

इस पूरे मामले की दूसरी कड़ी आरएसएस के पंजीकरण से जुड़ी है। जून 2026 में प्रियांक खड़गे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखकर संगठन की कानूनी स्थिति, पंजीकरण, पदाधिकारियों, फंडिंग, खर्च और कर से जुड़ी जानकारी मांगी थी। खड़गे ने कहा था कि इतने बड़े संगठन को पारदर्शिता और संवैधानिक जवाबदेही के ऊंचे मानकों का पालन करना चाहिए।

खड़गे ने आरएसएस की अपनी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कर्नाटक में 4,127 दैनिक शाखाओं, 1,389 साप्ताहिक मिलन और 60 मासिक मंडलियों का जिक्र किया था। उन्होंने 2,194 सामाजिक कार्यक्रमों और 562 मार्ग संचलनों का भी उल्लेख किया था।

मोहन भागवत ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा था कि आरएसएस को सरकारी फंड नहीं मिलता, इसलिए उसके लिए पंजीकरण जरूरी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि संगठन सौ साल से खुले तौर पर काम कर रहा है और सरकार ने पहले कभी उससे पंजीकरण की मांग नहीं की।

अब असली लड़ाई कानून बनाम राजनीति की है

कर्नाटक सरकार के लिए मामला सार्वजनिक संपत्ति के बेहतर प्रबंधन का है। वहीं राजनीतिक नजर से देखें तो आरएसएस पहले से कांग्रेस और कर्नाटक सरकार के बीच बड़े टकराव का मुद्दा बना हुआ है। नया कानून इसी पुराने विवाद को फिर विधानसभा और सड़क की राजनीति में ला सकता है।

सबसे अहम बात यह है कि अगर बिल कानून बनता है, तो सवाल सिर्फ आरएसएस की शाखाओं का नहीं रहेगा। सरकारी जमीन पर कार्यक्रम करने वाले हर संगठन को अनुमति की प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। अब देखना होगा कि विधानसभा में इस कानून पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कितनी तीखी बहस होती है और नए नियम जमीन पर किस तरह लागू किए जाते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+