कर्नाटक के विधायक ने दिया विवादित बयान, बोले- 'जो भी पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए उसे....'
बेंगलुरू। कर्नाटक के एक मंत्री ने हाल ही ऐसे कानून की मांग की थी, जिसके तहत जो भी देश के खिलाफ नारा लगाए उसे गोली मार दी जाए। उनकी इस मांग के बाद अब राज्य के एक और नेता ने यही मांग की है। यहां कोडागु जिले के विधायक पी अप्पाचु रंजन ने कहा है कि जो भी देश विरोध नारे लगाए उसे उसी स्थान पर गोली मार देनी चाहिए। उन्होंने अपने बयान में हाल ही में पाकिस्तान समर्थित नारा लगाने वाली महिला का भी जिक्र किया।

रंजन ने कहा, 'बेंगलुरू में सीएए विरोध रैली में एक महिला पहले ही पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगा चुकी है। हमारे देश में रहने के बावजूद, हमारा खाना खाने और पानी पीने के बावजूद (ये लोग ऐसा कर रहे हैं), जो भी ऐसे नारे लगाए उन्हें उसी स्थान पर गोली मार देनी चाहिए।' उन्होंने इसके साथ ही ये भी कहा कि ऐसे लोगों को कानूनी सहायता भी नहीं मिलनी चाहिए।
विधायक ने कहा, 'कृपया ऐसे तत्तवों को पाकिस्तान भेजा जाए, ताकि ये लोग वहां जाकर रहें। ऐसे लोगों के प्रति नरम रुख नहीं होना चाहिए और मैं अपील करता हूं कि किसी भी वकील को अदालतों में इस तरह के लोगों का केस नहीं लड़ना चाहिए।' इससे पहले राज्य के कृषि मंत्री बीसी पाटिल ने कहा था कि जो लोग पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाते हैं उन्हें गोली मार देनी चाहिए।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पाटिल ने कहा था, मेरे हिसाब से भारत में एक ऐसे कानून की जरूरत है, जिसमें भारत को बुरा बोलने वाले और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने वालों को देखते ही गोली मारने का कानून हो। इसकी बहुत जरूरत है। उन्होंने ये भी कहा था कि वे भारत के भोजन, पानी और हवा का आनंद ले रहे हैं। अगर वे पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाते हैं तो उन्हें यहां क्यों होना चाहिए? चीन में लोग अपने देश के खिलाफ बात करने से डरते हैं। मैं पीएम मोदी से अनुरोध करता हूं कि वे गद्दारों से निपटने के लिए एक सख्त कानून लाएं।
बता दें अमूल्या नाम की लड़की को 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इससे पहले उसके खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज किया गया था। जिस तरह से असदुद्दीन ओवैसी के मंच से अमूल्या ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए थे, उसके बाद उसके घर पर रात में तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई थी। गौरतलब है कि ओवैसी बेंगलुरू के फ्रीडम पार्क में सीएए विरोधी रैली में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान वहां यह लड़की मौजूद थी जो छात्र नेता बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications