Karnataka: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगी आग, 12 लोगों की मौत
कर्नाटक के अनेकल तालुक में शनिवार को एक दुखद हादसा हुआ, जहां एक पटाखा गोदाम में ब्लास्ट होने से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बालाजी क्रैकर्स के गोदाम में छोटी सी चिंगारी से आग लग गई। जिससे बड़ा विस्फोट हुआ। घटना के वक्त वहां पर 20 कर्मचारी थे, जिसमें से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

गोदाम में मौजूद 20 लोगों में से चार घटना के बाद भाग निकले, जबकि बाकी अंदर फंसे रह गए। अभी तक 7 शवों को बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद भीषण आग लग गई, जिससे अंदर फंसे शवों को निकालने में दिकक्त हुई।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक एक गाड़ी से विशेष पटाखे उतारने का काम चल रहा था, तभी ये हादसा हुआ। इससे वहां मौजूद कई गाड़ियों में आग लग गई। घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बाग बुझाई, लेकिन तब तक पूरा गोदाम जलकर राख हो गया था।
लाइसेंस की हो रही जांच
मामले में बेंगलुरु ग्रामीण एसपी मल्लिकार्जुन बालादंडी ने कहा कि बालाजी क्रैकर्स गोदाम में एक कैंटर वाहन से पटाखे उतारते समय ये दुर्घटना हुई। जिससे दुकान और गोदाम दोनों चपेट में आ गए। घटना में दुकान के मालिक नवीन भी झुलस गए। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी इकट्ठा की। पुलिस टीम लाइसेंस की जांच कर रही है।
दिवाली आते ही बढ़ जाती है ऐसी घटनाएं
अगले महीने दिवाली का त्योहार है, जिस वजह से पटाखा फैक्ट्रियों में काम तेज हो गया है। साथ ही दुकानदार लगातार स्टॉक जमा कर रहे। ऐसे में इस तरह के हादसों की संख्या बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications