कर्नाटक के भाजपा विधायक जारकीहोली के सीडी कांड में नया मोड, लड़की के पिता ने दर्ज कराया अपहरण का मामला
कर्नाटक: जारकीहोली सीडी कांड, लड़की के पिता ने दर्ज कराया अपहरण का मामला
बेंगलुरू। कर्नाटक के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली के वायरल वीडियो के मामले में नया मोड आया है। जिस महिला के साथ जारकीहोली का वीडियो वायरल हुआ था, उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी का बेंगलुरू से अपहरण हुआ और उसको प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया है कि शिकायतकर्ता ने ये कहा है कि वीडियो में जो लड़की पूर्व मंत्री जारकीहोली के साथ दिख रही है, वो उसकी ही लड़की है। जिसका अपहरण किया गया और उसके साथ ज्यादती की गई। पुलिस का कहना है कि वो मामले की जांच कर रही है। इससे पहले लड़की ने भी अपनी सुरक्षा को खतरा बताया था।
जारकीहोली ने वीडियो वायरल होने के बाद दिया था मंत्रीपद से इस्तीफा
रमेश जारकीहोली का हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इस कथित सेक्स सीडी में रमेश एक लड़की के साथ दिख रहे थे। इसको लेकर रमेश जारकीहोली के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद उन्होंने मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया। आरोप है कि नौकरी का झांसा देकर जारकीहोली ने लड़की का यौन शोषण किया। हालांकि जारकीहोली ने अपने खिलाफ आरोपों को गलत कहा है और मामले में जांच की मांग की है। उन्होंने इसे एक साजिश बताया है और इसकी पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
बता दें कि रमेश जारकीहोली कर्नाटक की राजनीति का काफी जाना पहचाना चेहरा हैं। छह बार जारकीहोली विधायक रह चुके हैं। इस समय वो गोकाक विधानसभा सीट से विधायक हैं। 2019 में जारकीहोली भी उन विधायकों में शामिल थे। जिन्होंने कांग्रेस छोड़ी थी और जिसके चलते राज्य की कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन वाली कुमारस्वामी की सरकार गिर गई थी।












Click it and Unblock the Notifications