भगवा को लेकर दिए बयान पर अपने मंत्री का कर्नाटक के CM ने किया बचाव बोले, - कुछ गलत नहीं कहा
बेंगलुरू, 17 फरवरी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवाराज बोम्मई ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा ने भगवा झंडे को लेकर जो बात कही है उसमे कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में मेरे साथी ने कुछ भी गलत नहीं कहा है, कानूनी रूप से उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है लिहाजा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकती है। बता दें कि इश्वरप्पा ने कहा था कि एक दिन लाल किले पर भगवा झंडा फहराएगा।

कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा में तिरंगा फहराते हुए हुए ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग की थी। जिसपर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फ्लैग कोड का उल्लघन है क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने प्रदर्शन के लिए सदन में तिरंगे का इस्तेमाल किया है। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वरप्पा ने अपने बयान पर सफाई दी थी और कहा था कि उन्होंने यह नहीं कहा था कि भगवा झंडा लाल किले पर तुरंत फहराया जाएगा बल्कि आने वाले 300-500 साल में फहराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वरप्पा ने कहा था कि भगवा झंडा फहराया जा सकता है और नहीं भी। उन्होंने इस बात को भी जोड़ा था कि हमने तिरंगे को स्वीकार किया है और किसी को भी इसका अपमान नहीं करना चाहिए। वहीं कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस अपनी सहूलियत के अनुसार ईश्वरप्पा के बयान को लोगों के सामने पेश कर रही है जिससे कि सदन में लोगों को भ्रमित किया जा सके। गौर करने वाली बात है कि पिछले हफ्ते ईश्वरप्पा ने कहा था कि भविष्य में भगवा झंडा देश का राष्ट्रीय झंडा बन सकता है और इसी झंडे को लाल किले पर फहराया जाएगा।
ईश्वरप्पा ने कहा था कि पहले लोग अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर हंसते थे। तिरंगा झंडा को संविधान में स्वीकार किया गया है और हर किसी को इसका सम्मान करना चाहिए। आने वाले भविष्य में हिंदू धर्म की स्थापना होगी, तब हम लोग लाल किले पर भगवा फहराएंगे। ईश्वरप्पा के इस बयान के खिलाफ विपक्ष प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने कहा कर्नाटक के मंत्री के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications