कर्नाटक: येदुरप्पा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बताया कितने बजे मनाना है जश्न
बेंगलुरु। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के लिए आज अग्निपरीक्षा का दिन है। या फिर यूं कहें कि कर्नाटक में चल रहे 'राजनीतिक नाटक' का आज क्लाइमेक्स है। शाम 4 बजे येदुरप्पा को विधानसभा में बहुमत साबित (फ्लोर टेस्ट) करना है। फ्लोर टेस्ट से पहले येदुरप्पा ने बेंगलुरु में विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद येदुरप्पा ने मीडिया से बातचीत की और कहा कि 'हमे पूरा भरोसा है कि हम विधानसभा में बहुमत साबित कर लेंगे और शाम 5 बजे जश्न होगा। उन्होंने कहा कि बहुमत साबित करने के बाद बीजेपी नेता जश्न मनाएंगे और सभी लोग देखते रह जाएंगे।

विधायकों से मुलाकात के बाद येदियुरप्पा बहुमत साबित करने के लिए आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा, 'मैं विधानसभा में 100% बहुमत प्राप्त करने जा रहा हूं। कल मैंने कर्नाटक के लोगों से जो वादा किया था वह सब मैं पूरा करने जा रहा हूं।' आपको बता दें कि उच्चतम न्यायालय ने बीते शुक्रवार (18 मई) को यह आदेश सुनाया था। शीर्ष अदालत ने येदियुरप्पा को फ्लोर टेस्ट के लिए राज्यपाल द्वारा दी गई 15 दिन की समयसीमा को घटाते हुए यह व्यवस्था दी।
विपक्षी जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के विधायकों द्वारा दलबदल, इस्तीफा देने या मतदान से दूर रहने की स्थिति को छोड़ दें तो बहुमत साबित करने के लिए आंकड़े बीजेपी के पक्ष में नजर नहीं आते। हालिया विधानसभा चुनावों में बीजेपी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी और उसके पास 104 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस के पास 78 तथा जेडीएस के पास 37 सीटें हैं। तीन सीटें निर्दलीय को मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications