कर्नाटक: BJP विधायक के बेटे का 40 लाख रिश्वत लेते वीडियो वायरल, अब हुई गिरफ्तारी
कर्नाटक लोकायुक्त के अधिकारियों ने मौजूदा बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा के घर से 6 करोड़ रुपये बरामद किए, उनके बेटे प्रशांत मदल को 40 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

कर्नाटक के प्रशांत चन्नागिरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा के बेटे का रिश्वत लेते वीडियो वायरल हो रहा है। बेंगलुरु वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड (बीडब्ल्यूएसएसबी) के मुख्य लेखाकार प्रशांत मदल को कर्नाटक लोकायुक्त के अधिकारियों ने गुरुवार को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। जिसके बाद कर्नाटक सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी दल ने उनके आवास और कार्यालयों की तलाशी ली। प्रशांत मदल को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है ।प्रशांत मदल, विधायक मदल विरुपक्षप्पा के बेटे हैं।
इस घटना को साल के आखिर में होने वाले कर्नाटक चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए एक गंभीर झटके के रूप में देखा जा रहा है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब विपक्ष कर्नाटक में बीजेपी सरकार पर 40 फीसदी 'कमीशन' और सरकारी टेंडरों में रिश्वत लेने को लेकर निशाना साध रही है।
घर से बरामद हुए 6 करोड़
लोकायुक्त के अधिकारियों ने मौजूदा बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा के घर से 6 करोड़ रुपये भी बरामद किए हैं। प्रशांत मदल के कार्यालय में लोकायुक्त को 40 लाख रिश्वत के अलावा 1.7 करोड़ रुपये भी मिले हैं।
लोकायुक्त के एक अधिकारी ने कहा, "हमने उनके कार्यालय में तलाशी ली और 1.7 करोड़ रुपये पाए। हमें संदेह है कि प्रशांत अपने पिता की ओर से रिश्वत ले रहे थे। हम उनके कार्यालय में मिले धन के स्रोत की जांच कर रहे हैं।"
टेंडर क्लीयर करने के लिए 80 लाख रुपये मांगी थी रिश्वत
सूत्रों के मुताबिक प्रशांत ने एक टेंडर प्रक्रिया को क्लीयर करने के लिए 80 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। उन्हें उनके कार्यालय में 40 लाख रुपये स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रशांत को लोकायुक्त पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जो अब दस्तावेजों की पुष्टि कर रही है।
भाजपा विधायक से भी हो सकती है पूछताछ
कर्नाटक साबुन और डिटर्जेंट लिमिटेड (केएसडीएल) को कच्चा माल उपलब्ध कराने के लिए निविदा के आवंटन के संबंध में शिकायत दर्ज की गई थी। लोकायुक्त अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने प्रशांत के खिलाफ रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। प्रशांत मदल के पिता विधायक मदल विरुपक्षप्पा कर्नाटक साबुन और डिटर्जेंट लिमिटेड के अध्यक्ष हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी विधायक मदल विरुपक्षप्पा से भी पूछताछ कर सकते हैं। असल में कच्चे माल की खरीद निविदा के लिए केएसडीएल अध्यक्ष की ओर से रिश्वत का पैसा लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications