Bengaluru Bandh: बेंगलुरु में बंद के दौरान क्या खुलेगा-क्या रहेगा बंद? जानें हर सवाल का जवाब
तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी देने से कर्नाटक के कई संगठन नाराज हैं। उन्होंने आज यानी 26 सितंबर को बेंगलुरु बंद का आह्वान किया है। वैसे तो पुलिस प्रशासन ने बंद, जुलूस, प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है, लेकिन जनता से जुड़ी काफी चीजें इस बंद से प्रभावित होंगी। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आज बेंगलुरु में क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा?

कैब-टैक्सी सेवा रहेगी बंद
ड्राइवर यूनियन्स ने इस बंद का समर्थन किया है। ऐसे में आपको शहर में टैक्सी, ऑटो आदि नहीं मिलेंगे। ऑनलाइन कैब सर्विस Ola-Uber से जुड़े संगठनों ने भी अपनी सेवाएं बंद रखने की बात कही है।
स्कूल रहेंगे बंद
बेंगलुरु (शहरी) के डिप्टी कमिश्नर केए दयानंद के मुताबिक स्कूलों को बंद करने का आदेश प्रशासन की ओर से जारी किया गया है। ऐसे में आज कोई भी स्कूल नहीं खुलेगा।
रेलवे और हवाई सेवा का क्या हाल?
रेल यातायात सामान्य रहेगा। इसी तरह किसी भी फ्लाइट को भी बंद की वजह से कैंसिल नहीं किया गया है। हालांकि कैब, टैक्सी आदि बंद रहेगी, ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पहुंचने में दिक्कत होगी।
मेट्रो चलेगी या रहेगी बंद?
बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। जिसको भी यात्रा करना है वो कर सकता है।
होटल-दुकानें रहेंगी बंद
होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल आदि के भी बंद रहने की उम्मीद है। दुकानें बंद होने की वजह से ऑनलाइन डिलीवरी भी नहीं हो पाएगी।
बस सेवा पर पड़ेगा असर?
कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) और बैंगलोर मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के मुताबिक उन्होंने बंद पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। ये फैसला मंगलवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति के आधार पर होगा। हालांकि KSRTC स्टाफ एंड वर्कर्स फेडरेशन ने बंद का समर्थन किया है। ऐसे में सेवा का प्रभावित होना तय है।
मेडिकल सेवाएं रहेंगी जारी
बंद का आह्वान रखने वाले संगठनों ने साफ कहा है कि वो मेडिकल, फार्मेसी आदि इमरजेंसी सेवाओं को नहीं बाधित करेंगे। इससे जुड़े किसी भी संगठन ने भी बंद का समर्थन नहीं किया है। ऐसे में ये सेवाएं जारी रहेंगी। हालांकि बस, टैक्सी, कैब बंद होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत होगी।
दफ्तरों का कैसा रहेगा हाल?
सरकारी दफ्तर सामान्य रूप से खुले रहेंगे। वहीं कन्नड़ संगठनों ने प्राइवेट कंपनियों से अपने दफ्तर बंद रखने का आह्वान किया है। इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों को वर्फ फ्रॉम होम देने की भी अपील की।
ये प्रमुख संगठन हैं बंद में शामिल
कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को दिया जा रहा है। जिसका कई संगठन विरोध कर रहे, जिसमें फेडरेशन ऑफ फार्मर्स एसोसिएशन्स, दि फेडरेशन ऑफ प्रो-कन्नड ऑर्गनाइजेशन्स, कावेरी जल संरक्षण समिति और ऑर्गनाइजेशन फॉर दि बेंगलुरू रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन शामिल हैं। कई राजनीतिक दल भी इनका साथ दे रहे। ऐसे में बंद का व्यापक असर देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications