जानिए ऋषि कपूर से दादा पृथ्वीराज ने क्यों कहा था- 'राज ने, आज मेरा कर्ज उतार दिया'
मुंबई। 30 अप्रैल को बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया, गुरुवार सुबह उन्होंने मुंबई के अस्पातल में अंतिम सांस ली, वो दो साल से कैंसर से जंग लड़ रहे थे, बुधवार रात को उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से वो लौटकर घर नहीं आए, लॉकडाउन की वजह से ऋषि कपूर की अंतिम विदाई अस्पताल से हुई, अंतिम यात्रा में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, नीतू कपूर समेत 24 लोग रहे, अपने अंतिम समय में ऋषि के साथ उनकी पत्नी नीतू और बेटे रणबीर कपूर ही थे।

ऋषि कपूर का पुराना वीडियो हुआ वायरल
ऋषि कपूर की गिनती बिंदास और जिंदादिल कलाकारों में होती थी, वो जो कहते थे खुलकर कहते थे, सोनी टीवी के मशहूर शो 'द कपिल शर्मा' में एक बार मेहमान बनकर आए थे, तब उनके साथ उनकी पत्नी नीतू सिंह कपूर भी थीं, इस दौरान उन्होंने अपने से जुड़ी कई बातें शेयर की थीं, उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी पहली ही फिल्म 'मेरा नाम जोकर' के लिए नेशनल अवार्ड मिला था, बता दें कि इस फिल्म में ऋषि कपूर ने अपने पिता राजकपूर के बचपन का रोल निभाया था।

ऋषि ने सुनाया था दिल छू लेने वाला किस्सा
ऋषि ने कहा कि जब मुझे अवार्ड मिला तो मेरी उम्र 17-18 साल थी, मैं उस वक्त किसी और ही दुनिया में जीता था, मैं जब नेशनल अवार्ड लेकर अपने घर पहुंचा, तब पिता जी ने कहा कि ये पुरस्कार दादा जी (पृथ्वीाराज कपूर) के पास लेकर जाओ।

'राज ने आज मेरा कर्ज उतार दिया, मुझे तुम पर गर्व है'
इसके बाद मैं जब मैं उनके पास गया और पुरस्कार दिखाया तो दादा ने अवॉर्ड को सिर से लगाया और उसे चूमा, तब उनकी आंखों से आंसू टपक पड़े, उन्होंने कहा कि 'राज ने आज मेरा कर्ज उतार दिया, मुझे तुम पर गर्व है', ऋषि ने कहा कि मुझे तब तो उनकी बात समझ नहीं आई थी लेकिन आज मुझे उस बात की अहमियत पता चलती है।

92 फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया...
गौरतलब है कि ऋषि कपूर ने अपने करियर में 1973-2000 तक 92 फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया है। उन्होंने बॉलीवुड को कई रोमांटिक हिट फिल्में दीं और खास बात ये है कि उन्होंने अपनी पत्नी नीतू के साथ ही 12 फिल्मों में अभिनय किया है, उनकी कई रोमांटिक फिल्में है, जिसमें चांदनी, बॉबी, कभी कभी, सागर, प्रेम रोग, खेल खेल में, लैला मजनू, सागर, दीवाना, ये वादा रहा , कर्ज जैसी कई फिल्में शामिल हैं।
देखें video












Click it and Unblock the Notifications