संविधान का कोई मतलब नही रहा, बस बोली लगाओ, राजनीति करोः कमलनाथ
भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खेमे से लगातार विधायक इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। बुरहानपुर जिले के नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सुमित्रा देवी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कमलनाथ ने कहा कि, मैं चिंतित नहीं हूं। बीजेपी उन्हें बुला रही है, पैसे और अलग-अलग पोस्ट ऑफर की जा रही हैं। बता दें कि, एक सप्ताह के भीतर कांग्रेस के दो विधायकों ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

कमलनाथ ने कांग्रेस विधायक के इस्तीफे पर कहा है कि, मैं चिंतित नहीं हूं, मुझे पता था कि वे छोड़कर जाएंगे। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है। वे (बीजेपी) लोग विधायकों को कॉल कर रहे हैं और उन्हें पैसा और विभिन्न पदों की पेशकश कर रहे हैं। वो (भाजपा) वहां (राजस्थान) में भी सौदा कर रहे हैं, संविधान का कोई मतलब नहीं रहा, बस बोली बोलो और राजनीति करो। पिछले ही सप्ताह कांग्रेस के विधायक रहे प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने इस्तीफा देने के बाद बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में कांग्रेस के 22 विधायक आए थे। पहले से 2 सीट खाली थे, उसके बाद तय था कि एमपी में 24 सीट पर उपचुनाव होंगे। एक सप्ताह के अंदर 2 और विधायकों के इस्तीफे के बाद एमपी में 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के पांच विधायक पार्टी से नाराज हैं। नाराज विधायकों में 4 बुंदेलखंड और एक महाकौशल के हैं। बताया जा रहा है कि ये विधायक भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं।
उधर राजस्थान में चल रहे रहे सियासी संकट के बीच अशोक गहलोत सरकार गिराने को लेकर एक ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद अशोक गहलोत और सचिन पायलट के सियासी संग्राम से सरगर्म राजस्थान की सियासत में और उबाल आ गया है। मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने जयपुर के होटल व्यावसायी संजय जैन को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications