कांग्रेस से BJP में शामिल होने वालों को मैं अपनी कार से भेजूंगा, लेकिन पार्टी किसी को रोकेगी नहीं, बोले कमलनाथ
हाल ही में गोवा में कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी को भी पार्टी छोड़ने से नहीं रोकेगी।
नई दिल्ली, 19 सितंबर: हाल ही में गोवा में कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इससे पहले भी कांग्रेस के कई विधायक और चर्चित चेहरे बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी को भी पार्टी छोड़ने से नहीं रोकेगी। अगर कोई सदस्य कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाना चाहता है, तो पार्टी उसे नहीं रोकेगी। कमलनाथ ने कहा कि जो बीजेपी में जाना चाहते हैं, उन्हें हम अपनी कार उधार में देंगे।
Recommended Video

'हम किसी को रोकेंगी नहीं'
संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कमलनाथ ने कहा कि आपको क्या लगता है, कांग्रेस खत्म हो जाएगी? आप कह रहे हैं कि कुछ लोग भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, मैं कहता हूं जो भी बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं, वो जा सकते हैं। हम किसी को रोकना नहीं चाहते हैं।

'मैं अपनी कार उधार में दूंगा'
कमलनाथ ने कहा कि अगर कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी जाना चाहते हैं। उनका भविष्य और उनके विचार भाजपा के साथ मिलते हैं, तो मैं उन्हें बीजेपी में शामिल होने के लिए अपनी कार उधार दूंगा।

'पार्टी में समर्पण के साथ काम कर रहे लोग'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में लोग समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। उन पर पार्टी की ओर से कोई दबाव नहीं है। बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक और कमलनाथ के करीबी अरुणोदय चौबे ने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

'कांग्रेस नेता पर भाजपा बना रही दबाव'
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता चौबे पर दबाव बना रहे हैं, जिनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोगों को झूठा फंसाया जा रहा है। दबाव और प्रभाव की राजनीति की जा रही है। ऐसी राजनीति से आप किसी का दिल, दिमाग और आत्मा नहीं खरीद सकते।

कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा कर रही है। पार्टी का मानना है कि इससे जनता के बीच उसकी पकड़ मजबूत होगी और वो 2024 में बीजेपी को कड़ी चुनौती दे पाएगी, लेकिन यात्रा के बीच ही गोवा कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। गोवा में कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इससे पहले बुधवार सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात की थी।
यह भी पढ़ें- MP: बुंदेलखंड में कमलनाथ को बड़ा झटका, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने दिया इस्तीफा, छोड़ा साथ












Click it and Unblock the Notifications