Bihar News: भागलपुर में गंगा का बढ़ा दबाव, राघोपुर बांध 30 मीटर तक क्षतिग्रस्त; युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी
भागलपुर के पास गंगा के बढ़ते जलस्तर से कोरिकैया-राघोपुर सीमान्त बांध पर कटाव तेज हो गया है। अधिकारियों ने पानी को फैलने से रोकने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को स्थिर करने के लिए आपातकालीन टीमों को तैनात किया है, रिंग तटबंध बनाए हैं और 250 श्रमिकों को 2.5 लाख रेत के बोरों, नावों और मशीनरी के साथ तैयार किया है।
बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के कारण खरीक प्रखंड में काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर कटाव का खतरा लगातार बना हुआ है। 23 अगस्त की रात से E-Nose के डाउनस्ट्रीम में नदी के अत्यधिक दबाव के बीच बाढ़ संघर्षात्मक कार्य जारी था। इसके बावजूद नदी के तीव्र कटाव के कारण सोमवार तड़के करीब 2 बजे E-Nose के डाउनस्ट्रीम में राघोपुर बांध-सह-रेलवे टैगिंग बांध लगभग 30 मीटर की लंबाई में क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर बचाव एवं सुरक्षा कार्य में जुटी हैं। दोनों कट-एंड को होल्ड करने और पानी के फैलाव को रोकने के लिए रिंग बांध का निर्माण शुरू कर दिया गया है। विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध गंगा नदी के बाएं किनारे पर स्थित है। इसकी कुल लंबाई करीब 6.50 किलोमीटर है और बांध पर पांच नोज बनाए गए हैं। बांध के दूसरी ओर नदी के बीच में शोल बन जाने के कारण मॉनसून की शुरुआत से ही नदी की धारा का दबाव बांध पर बढ़ा हुआ है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण अंडरमाइनिंग एक्शन के चलते 26 जुलाई को D-Nose के पास करीब 110 मीटर लंबाई में कटाव देखा गया था।
कटाव को नियंत्रित करने के लिए मुख्य अभियंता, कटिहार, अधीक्षण अभियंता, बाढ़ नियंत्रण अंचल भागलपुर और अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों की निगरानी में दिन-रात बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराया गया। 27 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे कटाव को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को मजबूत करने के लिए 110 मीटर लंबाई में 6 मीटर चौड़ा एनसी बेस तैयार किया गया। इसके अलावा बंबू रोल और हाथी पांव के माध्यम से भी सुरक्षा कार्य कराया गया।
250 मीटर क्षेत्र में एहतियाती इंतजाम
D-Nose के अपस्ट्रीम में नदी के बढ़ते दबाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर 250 मीटर की लंबाई में 10-10 मीटर के अंतराल पर 25 स्लोपिंग बेड बार का निर्माण कराया गया। विभाग के अनुसार 26 जुलाई से 24 अगस्त तक अलग-अलग रीच में समय-समय पर कटाव की स्थिति सामने आती रही। हर बार लगातार बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर स्थल को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
इंजीनियरों की कई टीमें तैनात
स्थल की सुरक्षा के लिए मूल रूप से तैनात एक सहायक अभियंता और चार कनीय अभियंताओं के अलावा पालीवार अभियंताओं की टीम भी तैनात की गई है। प्रत्येक पाली में एक सहायक अभियंता और दो कनीय अभियंता काम कर रहे हैं। इसके साथ ही एक अतिरिक्त कार्यपालक अभियंता की भी तैनाती की गई है। 17 अगस्त से अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता के विशेष दल को भी मौके पर लगाया गया है। सभी अभियंता पालीवार लगातार स्थल पर कैंप कर रहे हैं।
250 श्रमिकों के साथ युद्धस्तर पर बचाव कार्य
राघोपुर बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से की सुरक्षा के लिए दोनों कट-एंड को होल्ड करने और पानी के फैलाव को रोकने के उद्देश्य से रिंग बांध का निर्माण शुरू किया गया है। मौके पर 2.50 लाख बालू भरे बोरे, 20 नाव, 16 ट्रैक्टर, एक पोकलेन और दो जेसीबी उपलब्ध कराए गए हैं। करीब 250 श्रमिक लगातार दिन-रात बाढ़ संघर्षात्मक कार्य में जुटे हुए हैं। विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौके की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। भागलपुर के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है।
फरक्का बराज से पानी की निकासी तेज कराने की कोशिश
बिहार में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए फरक्का बराज से गंगा के जलश्राव की शीघ्र निकासी के लिए बराज के महाप्रबंधक को पत्र भेजा गया है। विभाग के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बातचीत कर फरक्का बराज के सभी गेट खोलने का आग्रह किया है। बराज के गेटों के संचालन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने के लिए विभाग की एक टीम को फरक्का बराज भेजा गया है।
जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा बांध की सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ बचाव एवं सुदृढ़ीकरण कार्य जारी है।


Click it and Unblock the Notifications
