अन्नामलाई का क्या होगा राजनीतिक भविष्य? BJP अब क्या देगी नया रोल? इन 3 संभावनाओं की सबसे ज्यादा चर्चा
K Annamalai: तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और AIADMK के गठबंधन के बाद, जिस नाम की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, वो है के. अन्नामलाई की। इधर भाजपा और AIADMK का गठबंधन हुआ...उधर अन्नामलाई तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष पद से हटे। कहा जा रहा है कि भाजपा ने AIADMK का साथ पाने के लिए ही अन्नामलाई को उनके पद से हटाया है। हालांकि अन्नामलाई को राज्य भाजपा प्रमुख के पद से हटाए जाने की अफवाहों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 'यह बिल्कुल भी सच नहीं है'।
अमित शाह ने मुस्कुराते हुए चेन्नई में मंच पर अपने बाईं ओर बैठे अन्नामलाई की ओर इशारा करते हुए कहा, "अन्नामलाई आज भी राज्य अध्यक्ष हैं और इसीलिए वे मेरे साथ बैठे हैं।" यहां अमित शाह अन्नामलाई की खूब तारीफ भी की। भाजपा ने नैनार नागेंद्रन को तमिलनाडु का अध्यक्ष बनाया है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अन्नामलाई का 'राजनीतिक भविष्य' क्या होगा...?

अन्नामलाई को भाजपा क्या दे सकती है नया रोल?
पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई ने 2019 में सेवा से इस्तीफा दे दिया और अगले वर्ष भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के एक साल बाद ही 2021 में अन्नामलाई को तमिलनाडु भाजपा का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
अन्नामलाई को भाजपा क्या नया रोल दे सकती है? इसका सटीक जानकारी अभी सामने नहीं है। लेकिन कुछ संभवनाएं हैं। सबसे आम तौर पर ये कहा जा रहा है कि 40 साल के तेज-तर्रार अन्नामलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में शामिल करने के लिए दिल्ली बुलाया जा सकता है। चर्चा है कि उन्हें किसी मोदी कैबिनेट में शामिल कर मंत्री बनाया जा सकता है।
भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर दे सकती है अन्नामलाई को कोई बड़ी जिम्मेदारी!
अन्नामलाई को भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी और अहम भूमिका सौंप सकती है। अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि "भाजपा पार्टी के राष्ट्रीय ढांचे में अन्नामलाई जी के संगठनात्मक कौशल का लाभ उठाएगी।" अमित शाह ने तारीप करते हुए लिखा था, ''तमिलनाडु भाजपा इकाई के अध्यक्ष के रूप में के अन्नामलाई ने सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। चाहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना हो या पार्टी के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाना हो, अन्नामलाई जी का योगदान अभूतपूर्व रहा है। भाजपा अन्नामलाई जी के संगठनात्मक कौशल का पार्टी के राष्ट्रीय ढांचे में लाभ उठाएगी।"
दूसरी ओर भाजपा को एक नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिलने वाला है, मौजूदा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। सोशल मीडिया पर, कुछ भाजपा समर्थकों ने अन्नामलाई को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाने की मांग की है। हालांकि, यह बहुत असंभव है क्योंकि यह पद वर्षों के अनुभव वाले किसी व्यक्ति को दिया जाएगा।
अन्नामलाई को गृह राज्य में काम का दिया जा सकता है मौका
ऐसा भी हो सकता है कि अन्नामलाई को अपने गृह राज्य में भाजपा के लिए काम करने का काम भी सौंपा जा सकता है, जहां भाजपा परंपरागत रूप से कमजोर खिलाड़ी रही है। 2024 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने राज्य की 39 सीटों में से 23 पर चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई। हालांकि भाजपा एक भी सीट भले ना जीत पाई हो लेकिन 2019 के चुनावों में 7.5% से बढ़कर 11% वोट शेयर हो गया था। अन्नामलाई खुद कोयंबटूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार गए थे।
अन्नामलाई को जून 2021 में भाजपा के तमिलनाडु प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था, विधानसभा चुनावों के तुरंत बाद जिसमें पार्टी ने AIADMK के नेतृत्व वाले NDA के हिस्से के रूप में चुनाव लड़ा था। सितंबर 2023 में गठबंधन टूट गया, जिसमें AIADMK नेताओं ने अन्नामलाई को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा ने 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा और कोई भी सीट जीतने में विफल रही। पिछले हफ्ते अन्नामलाई ने घोषणा की कि वह राज्य पार्टी अध्यक्ष पद की दौड़ से अलग हो रहे हैं।
उन्होंने कहा,
"मैं चाहता हूं कि पार्टी का भविष्य उज्ज्वल हो। इस पार्टी के विकास के लिए कई लोगों ने अपनी जान दी है। मैं हमेशा इस पार्टी के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैं अगले प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में नहीं हूं। मैं किसी भी राजनीतिक अटकलों का जवाब नहीं देने जा रहा हूं। मैं किसी भी दौड़ में नहीं हूं।"
हालांकि भाजपा हमेशा अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है...ऐसे में अन्नामलाई को भाजपा किस रोल में फिट करेगी...इसके सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications