शख्स ने एटीएम को ही बना डाला 'जूस सेंटर', मशीन के पास ग्राहकों के लिए बिछा दिए कुर्सी मेज
शख्स ने एटीएम के अंदर अपनी जूस की दुकान का बोर्ड लगाते हुए ग्राहकों के बैठने के लिए मेज और करीब 8-10 कुर्सियां भी बिछा रखी हैं।
नई दिल्ली। अक्सर आपके पास बैंक से जुड़े ऐसे मेल और एसएमएस आते होंगे, जिनमें कहा जाता है कि अपने एटीएम कार्ड का पिन नंबर किसी के साथ शेयर ना करें। इसके साथ ही एटीएम के अंदर भी ऐसे नियम लिखे होते हैं, जिनमें एक वक्त में एक ही शख्स को कैश निकालने की इजाजत होती है। बैंक ऐसा इसलिए करते हैं, ताकि अपने कस्टमर को एटीएम फ्रॉड से बचा सकें। इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शख्स ने एटीएम रूम को अपनी जूस की दुकान से ही जोड़ लिया। शख्स ने एटीएम रूम के अंदर बाकायदा अपने ग्राहकों के लिए कुर्सी मेज तक बिछा दीं।

एटीएम के अंदर ही लगाया दुकान का बोर्ड
न्यूज वेबसाइट DNA की खबर के मुताबिक, मामला महाराष्ट्र के अमरावती इलाके का है, जहां जूस और लस्सी की दुकान चलाने वाले एक शख्स ने बैंक के नियमों की ही धज्जियां उड़ा दी। इस शख्स ने एटीएम के बिल्कुल बाहर जूस और लस्सी का स्टॉल लगाया हुआ है। वीडियो में नजर आ रहा है कि शख्स ने एटीएम के अंदर अपनी जूस की दुकान का बोर्ड लगाते हुए अपने ग्राहकों के बैठने के लिए मेज और करीब 8-10 कुर्सियां भी बिछा रखी हैं।

ग्राहकों के रुपए और सुरक्षा से खिलवाड़
वीडियो में दिख रहा है कि 'परदेसी फेमस लस्सी एंड जूस सेंटर' नाम ने बने इस स्टॉल पर भीड़ के बीच ही लोग एटीएम से अपने रुपए निकालने के लिए मजबूर हैं। बैंक नियमों के मुताबिक एटीएम रूम के अंदर एक वक्त में एक ही शख्स अपने रुपए निकाल सकता है। लेकिन, इस एटीएम रूम में ना केवल बैंक नियमों को ताक पर रखा जा रहा है, लेकिन ग्राहकों के रुपए और उनकी सुरक्षा से भी खिलवाड़ हो रहा है।

लगातार सामने आ रहे एटीएम फ्रॉड के मामले
आपको बता दें कि हाल ही में राजस्थान के अलवर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया था, जहां कुछ बदमाश एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर लोगों के खाते से रुपए निकाल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक ये बदमाश अभी तक आठ राज्यों के करीब 23 शहरों में कई लोगों को चूना लगा चुके हैं। बदमाश एटीएम के अंदर मदद करने के बहाने लोगों के कार्ड का क्लोन बना लेते थे।












Click it and Unblock the Notifications