राहुल गांधी के वीडियो पर बढ़ीं पत्रकार रोहित रंजन की मुश्किलें, गिरफ्तार करने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस
रोहित रंजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार करने यूपी के गाजियाबाद पहुंची।
नई दिल्ली, 5 जुलाई: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वीडियो पर गलत खबर चलाने को लेकर पत्रकार रोहित रंजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोहित रंजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार करने यूपी के गाजियाबाद पहुंची। रोहित रंजन ने ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ पुलिस बिना यूपी पुलिस को जानकारी दिए उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची है। आपको बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर गए थे, जहां उनके एक बयान को गलत तरीके से चलाने के मामले में रोहित रंजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।

दरअसल, पिछले दिनों वायनाड में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दफ्तर में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की थी। इसके बाद जब राहुल गांधी वायनाड के दौरे पर गए तो उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। राहुल ने कहा कि जिन लोगों ने उनके दफ्तर में तोड़फोड़ की, वो बच्चे हैं और उन्हें माफ कर देना चाहिए। राहुल गांधी के इस बयान को पत्रकार रोहित रंजन ने उदयपुर में हुई दर्जी कन्हैया लाल की हत्या से जोड़कर अपने न्यूज चैनल पर चलाया था। हालांकि बाद में रोहित रंजन ने खबर को गलत तरीके से चलाने के लिए खेद भी प्रकट किया।
गाजिबाद पुलिस ने दिया ये जवाब
इसी मामले को छत्तीसगढ़ में रोहित रंजन के ऊपर एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसके बाद आज पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। वहीं, रोहित रंजन के ट्वीट पर गाजियाबाद पुलिस ने जवाब देते हुए कहा, 'यह प्रकरण स्थानीय पुलिस के संज्ञान में है। थाना इंदिरापुरम पुलिस मौके पर है, नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।'












Click it and Unblock the Notifications