कांग्रेस के 'जी 23' नेताओं ने बैठक के बाद सोनिया गांधी को दी ये सलाह
नई दिल्ली, 17 मार्च: पांच राज्यों के चुनावों में मिली करारी हार के बाद एक बार फिर से कांग्रेस से असंतुष्ट पार्टी नेताओं का 'जी- 23' ग्रुप सक्रिय हो गया है। बुधवार देर रात सभी नेताओं की बैठक गुलाम नबी आजाद के घर संपन्न हो गई। बैठक के बाद कांग्रेस के जी 23 नेताओं का एक संयुक्त बयान जारी हुआ है, जिसमें देश की सबसे पुरानी पार्टी को आगे बढ़ने के लिए अपने सुझाव दिए गए।

दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के घर जी 23 नेताओं की एक बैठक बुलाई गई थी। इस मीटिंग में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, भूपिंदर हुड्डा, अखिलेश प्रसाद सिंह, पृथ्वीराज चव्हाण, पीजे कुरियन और मणिशंकर अय्यर जैसे बड़े नेता पहुंचे थे। बैठक के बाद अब सभी नेताओं का एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी किया गया है।
अपने बयान में नेताओं ने कहा कि, 'भाजपा का विरोध करने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है। हम कांग्रेस पार्टी से 2024 के लिए एक विश्वसनीय विकल्प का मार्ग प्रशस्त करने के लिए एक मंच बनाने के लिए अन्य समान विचारधारा वाली ताकतों के साथ बातचीत शुरू करने की मांग करते हैं।' G-23 नेताओं ने समूह की भविष्य की रणनीति पर काम करने और पांच राज्यों में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार पर चर्चा करने के लिए बुधवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर रात के खाने पर मुलाकात की।
सोनिया से मिल सकते हैं गुलाम नबी
सूत्रों के मुताबिक G-23 ग्रुप समूह ने पहले कपिल सिब्बल के घर पर रात्रिभोज की योजना बनाई थी, लेकिन अंतिम समय में इसे बदल दिया गया। वहीं अब पांच राज्यों में कांग्रेस की चुनावी हार, नेतृत्व पर एक विवाद और जवाबदेही के बाद गुलाम नबी आजाद के गुरुवार को 10 जनपथ पर पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से मिलने की संभावना है।
इस बार बढ़ा जी-23 ग्रुप का दायरा
बुधवार की बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में सिब्बल, आनंद शर्मा, भूपिंदर सिंह हुड्डा, पृथ्वीराज चव्हाण, मनीष तिवारी, शशि थरूर, विवेक तन्खा, राज बब्बर, अखिलेश प्रसाद सिंह और संदीप दीक्षित शामिल थे। जी-23 ग्रुप का दायरा इस बार कुछ और नेताओं के रूप में बढ़ गया है। पटियाला की सांसद परनीत कौर, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर, राज्यसभा के पूर्व उपसभापति पीजे कुरियन और हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा भी रात्रि भोज में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications