धनबादः घर पर मृत मिले JMM नेता शंकर रवानी और उनकी पत्नी, गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली। झारखंड के धनबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के धनबाद महानगर कमेटी के उपाध्यक्ष शंकर रवानी और उनकी पत्नी बालिका देवी घर पर मृत मिले हैं, पुलिस के मुताबिक शनिवार रात गोली मारकर दंपत्ति की हत्या की गई। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। धनबाद के एसएसपी असीम विक्रांत मिंज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दंपत्ति अपने घर में मृत पाए गए हैं। शवों पर गोली लगने और जख्म के निशान मिले हैं, घटना शनिवार रात की है।

पुलिस इस मामले में दो परिवारों के बीच चल रही खूनी लड़ाई के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात 50 वर्षीय शंकर रवानी और 45 वर्षीय उनकी पत्नी बालिका देवी की बड़ी ही बेरहमी से उनके घर में हत्या कर दी गई। पुलिस के शवों पर गोली और चाकू से गोदे जाने के निशान मिले हैं। शंकर रवानी का एक 22 वर्षीय बेटा भी है जो बाहर पढ़ता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। सिंदरी के डीएसपी एके सिन्हा भौरा ओपी प्रभारी कालिका राम, सुदामडीह थाना प्रभारी व आदि थानों की पुलिस घटना स्थल पर मौजूद है।
दंपत्ति की हत्या की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई, उनके घर पर समर्थकों का भारी जमावड़ा इकट्ठा हो गया है। इस बीच सिंदरी में रहने वाली जेएमएम नेता की बहन व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। फिलहाल हत्या की वजह आपसी रंजिश और राजनीतिक द्वेष बताया जा रहा है। डीएसपी का कहना है कि दंपत्ति की हत्या हुई है, पुलिस ने हत्यारों की खोज शुरू कर दी है, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस ने घटनास्थल से पुलिस ने चाकू और नाइन एमएम का एक खोखा जब्त किया है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश: विजयवाड़ा पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में काम करने वाले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या












Click it and Unblock the Notifications