कर्नाटक: कांग्रेस के बाद अब जेडीएस ने निष्कासित किए अपने 3 बागी विधायक
बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस के गठबंधन की सरकार के गिरने के बाद बीजेपी के नेता बीएस येदियुरप्पा प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बने हैं। येदियुरप्पा के विश्वास मत हासिल करने के तीन दिन बाद जनता दल (सेकुलर) ने अपने तीन बागी विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी से निकाले गए विधयकों में के गोपालैया, एच विश्वनाथ और नारायण गौड़ा के नाम शामिल हैं। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस ने अपने 14 बागी विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

बता दें कि, पिछले महीने जेडीएस के तीनों विधायकों ने विधायिका से इस्तीफा दे दिया था। यही नहीं वे कुमारस्वामी सरकार के विश्वमत के दौरान 14 कांग्रेसी विधायकों के साथ मतदान में भी शामिल नहीं हुए थे। जिसके कारण 23 जुलाई को विश्वास मत के दौरान कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार गिर गई थी। इसके बाद इन विधायकों को राज्य विधानसभा के तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार द्वारा दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित कर दिया था।
पार्टी से निष्कासित किए गए एक जेडीएस के बागी विधायक ए एच विश्वनाथ अयोग्य ठहराए जाने के फैसले पर कहा था कि, फैसला कानून के विरुद्ध है और वह अन्य असंतुष्ट विधायकों के साथ सोमवार को उच्चतम न्यायालय से संपर्क करेंगे। विश्वनाथ ने कहा था कि, अयोग्यता विधि विरुद्ध है, मात्र उन्हें जारी व्हिप के आधार पर विधायकों को सदन में आने के लिए बाध्य नहीं कर सकते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने दल-बदल निरोधक कानून के तहत कांग्रेस के 14, जेडीएस के 3 और एक निर्दलीय विधायक को 2023 में वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने तक अयोग्य घोषित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications