जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकी हमला, एक महिला सहित 6 घायल
जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया है, जिसमें 6 नागरिक घायल हो गए हैं।
श्रीनगर, 26 अक्टूबर: जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा से एक बड़े आतंकी हमले की खबर आ रही है। आतंकियों ने बांदीपोरा के सुंबल ब्रिज इलाके में ग्रेनेड हमला किया है, जिसमें करीब 6 नागरिक घायल हो गए हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक, ग्रेनेड हमला सुंबल ब्रिज इलाके के सूमो टैक्सी स्टैंड पर किया गया। वहीं, बताया जा रहा है कि इस हमले के बाद इलाके में एक और धमाके की आवाज भी सुनाई दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान मौके पर पहुंच गए और इलाके को घेरकर तलाशी ली जा रही है। सभी घायल नागरिकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस हमले के बाद एक बयान जारी करते हुए बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए श्रीनगर ले जाया गया है। वहीं, बताया जा रहा है कि आतंकवादियों के निशाने पर सेना का काफिला था। पुलिस ने अपने बयान में बताया, 'सेना के काफिले के मूवमेंट से पहले एक धमाका हुआ, जिसमें एक महिला सहित 6 लोग घायल हो गए। इनमें से दो को इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस भेजा गया है, जबकि चार का इलाज सुंबल में ही चल रहा है। धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।'
पुलिस ने जारी किए घायलों के नाम
पुलिस ने बताया कि हमले में जो लोग घायल हुए हैं, उनके नाम- मोहम्मद अल्ताफ, फैसल फैयाज, मुश्ताक, तस्लीमा बानो, अब हमीद और फैयाज अहमद हैं। आपको बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं। ऐसे में इस आतंकी हमले ने सुरक्षाबलों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इससे पहले मंगलवार सुबह गृह मंत्री अमित शाह ने पुलवावा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजली दी। अमित शाह सोमवार शाम को ही पुलवामा के सीआरपीएफ कैंप पहुंचे थे और यहीं पर जवानों के साथ खाना खाया।












Click it and Unblock the Notifications