आखिरकार श्रीनगर में गिरफ्तार हुई अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को अलगाववादी महिला संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख आसिया अंद्राबी को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। पिछले महीने पाकिस्तानी झंडा फहराने के कारण उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने यहां कहा कि गैरकानूनी गतिविधि कानून की धारा 13 के अंतर्गत 17 अगस्त को दर्ज एक मामले के तहत अंद्राबी को गिरफ्तार किया गया है। अंद्राबी को यहां एक महिला पुलिस थाने में रखा गया है।
दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख ने 14 अगस्त को अपने आवास पर पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया था और पाकिस्तान का राष्ट्रगान गाते हुए शहर के बाहरी इलाके में उसका झंडा फहराया था।
अंद्राबी ने इसके कुछ ही देर बाद मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के नेतृत्व वाले जमात-उद दावा द्वारा पाकिस्तान में आयोजित एक रैली को फोन से संबोधित किया था। अंद्राबी के संबोधन के समय सईद मंच पर बैठा हुआ था।
अंद्राबी ने इससे पहले भी 23 मार्च को पाकिस्तान का राष्ट्रीय दिवस मनाया था और उसका राष्ट्रगान गाते हुए झंडा फहराया था जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया था।













Click it and Unblock the Notifications