जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, तीन आतंकी ढेर, जानिए क्या है चिनार कॉर्प्स का ‘ऑपरेशन महादेव'
Operation Mahadev Chinar Corp: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के हरवान इलाके में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान 'ऑपरेशन महादेव' (Operation Mahadev) के तहत हुई।
यह इलाका डाचीगाम नेशनल पार्क के पास स्थित है और कठिन पहाड़ी तथा वन्य क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, सेना के इस ऑपरेशन में 3 आतंकी मारे भी गए हैं।

क्या है ऑपरेशन महादेव? What is Operation Mahadev
भारतीय सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी दी कि "ऑपरेशन महादेव - जनरल एरिया लिडवास में आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ है। यह सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।"
यह संपर्क हरवान क्षेत्र के मुलनार इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ सोमवार सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुई जब सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही सुरक्षाबल आगे बढ़े, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
तीन आतंकी ढेर, ऑपरेशन जारी
शाम होते-होते चिनार कॉर्प्स ने पुष्टि की कि "तीन आतंकियों को एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया गया है। ऑपरेशन अभी भी जारी है।" सेना और पुलिस की संयुक्त टीम इस अभियान को अंजाम दे रही है, जिसमें अतिरिक्त बल और आधुनिक निगरानी तकनीक जैसे ड्रोन की भी सहायता ली जा रही है।
घने पहाड़ी इलाके में चल रही तलाशी
घटनास्थल हरवान का डारा इलाका, जो एक लोकप्रिय ट्रैकिंग डेस्टिनेशन भी है, अपने दुर्गम और जंगलों से घिरे भू-भाग के लिए जाना जाता है। यहां आतंकियों को ट्रैक करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है।
पहलगाम हमले से कनेक्शन की जांच
हालांकि, अभी तक मारे गए तीन आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इनका संबंध 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले से है, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक महीने से खुफिया इनपुट्स मिल रहे थे कि कुछ संदिग्ध आतंकवादी डाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान के पास के इलाकों में शरण लिए हुए हैं, जो श्रीनगर शहर से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
सेना ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पूरी सावधानी बरती जा रही है और इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबलों की रणनीति यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आतंकी को भागने का मौका न मिले। जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।
ऑपरेशन महादेव अब जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ चल रहे सबसे बड़े अभियानों में से एक बन गया है। तीन आतंकियों के मारे जाने से सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अभियान अभी भी जारी है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सेना सतर्क है।
यह एकDeveloping Story है। ऑपरेशन महादेव से जुड़ी आपडेट्स के लिए पेज रिफ्रेश करते रहें...












Click it and Unblock the Notifications