विदेश यात्रा की इजाजत के लिए फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कार्ति चिदंबरम
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिंदबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम विदेश यात्रा की इजाजत के लिए एक बार फिर से सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। आईएनएक्स मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी कार्ति जांच के जारी होने की वजह से विदेश यात्रा पर नहीं जा सकते हैं, पहले भी वो इसको लेकर कोर्ट में अर्जी लगाई थी। गुरुवार को एक बार फिर उन्होंने इसके लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दी है। कार्ति ने 10 से 20 जनवरी के बीच व्यापार के सिलसिले में विदेश जाने की इजाजत चाही है, इस पर कोर्ट आठ जनवरी को सुनवाई करेगा।

कार्ति ने ईडी को 11 जनवरी को किया है तलब
कार्ति को 2 जनवरी को ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईएनएक्स मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग मामले समन जारी किया है। कार्ति को 11 जनवरी को पेश होने के लिए कहा गया है। कार्ति पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के बेटे हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कार्ति और अन्य के खिलाफ इस वर्ष मई में मामला दर्ज किया था। इसमें कार्ति, आईएनएक्स मीडिया और इसके निदेशकों, पीटर और इंद्राणी तथा अन्य सहित सीबीआई शिकायत में नामित लोगों के खिलाफ प्रवर्तन मामला प्राथमिक रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज किया था।

कार्ति पर कई अनियमितताओं के आरोप
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में काफी समय से कीर्ति से खिलाफ जांच चल रही है। सीबीआई ने 15 मई को कार्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें 2007 में वित्त मंत्री पी चिदंबरम के कार्यकाल में आईएनएक्स मीडिया को विदेश से 305 करोड़ रुपये स्वीकार करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की ओर से दी गई मंजूरी में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था। कार्ति चिदंबरम पर आईएनएक्स मीडिया के साथ-साथ एयरसेल मैक्सिस केस में भी जांच चल रही है। कई दफा ईडी और सीबीआई कार्ति से पूछताछ कर चुकी है।

ये है कार्ति पर आरोप
जब पी. चिदबंरम देश के वित्त मंत्री थे तब फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) ने आईएनएक्स मीडिया के फंड को मंजूरी दी थी। इसमें कार्ति के साथ इंद्राणी मुखर्जी और पीटर मुखर्जी का नाम भी शामिल था। कार्ती चिदंबरम पर इस मामले में संलिप्त होने का आरोप है। वहीं, उन पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन के मामले में भी ईडी ने नोटिस जारी किया है। आरोप था कि वह वासन हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से कथित तौर पर जुड़े हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications