IndiGo का संकट जारी! देश भर में सैकड़ों उड़ानें रद्द, दिल्ली एयरपोर्ट की नई एडवाइजरी जारी, क्या हैं ताजा हालात
IndiGo Flight Cancellations: इंडिगो की परिचालन प्रणाली में जारी भारी अव्यवस्था का असर सोमवार, 8 दिसंबर को भी पूरे देश में देखने को मिला। चेन्नई, हैदराबाद और दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द और प्रभावित रहीं, जिसके चलते हजारों यात्री घंटों तक परेशानी झेलते रहे। एयरलाइन का यह संकट सातवें दिन भी वैसे ही जारी रहा है।
मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद समेत कई एयरपोर्ट्स से तस्वीरें सामने आईं, जहाँ यात्री इंडिगो काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्रियों की भीड़ जमा हो गई, जहाँ उड़ानों के कैंसिलेशन ने यात्रियों की दिक्कतें बढ़ा दीं। जानिए क्या है आज के ताजा अपडेट्स.......

चेन्नई में 71, हैदराबाद में 77 इंडिगो उड़ानें रद्द
सोमवार, 8 दिसंबर को चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो की कुल 71 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 38 डिपार्चर और 33 अराइवल शामिल हैं। इंडिगो के ऑपरेशनल संकट के कारण यहां बड़ी संख्या में यात्रियों को सुबह से ही अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी 77 इंडिगो फ्लाइट्स प्रभावित रहीं। कई उड़ानें देरी से चलीं तो कई को अंतिम क्षण में रद्द करना पड़ा। हवाईअड्डा अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
आज कितनी उड़ानें रद्द हुईं?
ऑपरेशनल संकट के सातवें दिन सोमवार को 300 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं।
दिल्ली एयरपोर्ट: 134 उड़ानें रद्द
- (75 प्रस्थान, 59 आगमन)
बेंगलुरु एयरपोर्ट: 127 उड़ानें रद्द
- (65 आगमन, 62 प्रस्थान)
चेन्नई एयरपोर्ट: 71 उड़ानें रद्द
- (38 प्रस्थान, 33 आगमन)
हैदराबाद एयरपोर्ट: 77 उड़ानें प्रभावित
दिल्ली एयरपोर्ट की नई एडवाइजरी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI) पर सोमवार को 134 इंडिगो उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 75 प्रस्थान और 59 आगमन उड़ानें शामिल हैं। पिछले छह दिनों से जारी बाधाओं के बाद दिल्ली एयरपोर्ट सबसे ज्यादा प्रभावित स्थानों में से एक बन गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने नवीनतम सलाह जारी करते हुए कहा-"ऑपरेशंस सामान्य रूप से चल रहे हैं, लेकिन कुछ उड़ानें परिचालन कारणों से रद्द या पुनर्निर्धारित की जा सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरलाइन से अपनी उड़ान स्थिति अवश्य जांच लें।"
DGCA क्या कहा?
इंडिगो के बड़े पैमाने पर उड़ान संकट पर डीजीसीए पहले ही शो-कॉज़ नोटिस भेज चुका है। रविवार को नियामक ने इंडिगो के अकाउंटेबल मैनेजर और सीईओ को एक बार की 24 घंटे की अतिरिक्त मोहलत देते हुए जवाब देने की अनुमति दी है। यह नोटिस 6 दिसंबर को जारी किया गया था, जब DGCA ने परिचालन में भारी गड़बड़ियाँ और कई अनुपालनों के उल्लंघन का उल्लेख किया था।
कब तक समान्य होगी स्थिति
एयरलाइन के मुताबिक, हालात पहले से बेहतर हो रहे हैं और अब उम्मीद है कि परिचालन 10 दिसंबर तक स्थिर हो जाएगा, जो पहले अनुमानित 10 से 15 दिसंबर की समयसीमा से पहले है। एयरलाइन प्रवक्ता ने बयान में कहा कि उड़ानों की कैंसिलेशन में कमी आई है, ऑन-टाइम परफॉर्मेंस में तेज़ सुधार दर्ज हुआ है और लंबित समस्याओं को निपटाने के लिए ग्राहक सहायता प्रक्रियाओं को और मजबूत किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications