MV Chem Pluto पर ड्रोन हमले की प्रबल संभावना, भारतीय नौसेना की जांच में खुलासा
MV Chem Pluto Attack: अरब सागर में मर्चेंट शिप 'एमवी केम प्लूटो' पर ड्रोन हमले के बाद जहाज मुंबई पहुंच गया है। वहीं इस हमले के बाद अब मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमलावर को पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। इधर, हमले की जांच भारतीय नौसेना कर रही है।
वहीं अब शिप को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अरब सागर में एमवी केम प्लूटो पर हमले के भारतीय नौसेना के प्रारंभिक विश्लेषण ने "ड्रोन हमले की प्रबल संभावना" का संकेत दिया है।

भारतीय नौसेना की टीम जांच में जुटी
दरअसल, व्यापारिक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन हमले से हुए नुकसान की और तस्वीरें सामने आई हैं। वहीं भारतीय नौसेना की एक टीम हमले से हुए नुकसान का आकलन कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि अरब सागर में हमला कैसे किया गया?
इसी के तहत भारतीय नौसेना ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि एमवी केम प्लूटो क्रू इनपुट और ऑन-सीन एग्जामिनेशन के आधार पर भारतीय नौसेना टीम द्वारा किया गया विश्लेषण ड्रोन हमले की प्रबल संभावना की ओर इशारा करता है।
ड्रोन पर विस्फोटक चार्ज पूरी तरह से फटा
यह पता लगाया गया है कि ड्रोन पर विस्फोटक चार्ज पूरी तरह से विस्फोटित हो गया, जिससे जलरेखा के ऊपर व्यापक क्षति हुई। अन्य एजेंसियों के समन्वय से आगे के फोरेंसिक विश्लेषण के लिए भारतीय नौसेना द्वारा प्रोजेक्टाइल के अवशेष एकत्र किए गए हैं।
भारतीय नौसेना के बयान के अनुसार मंगलवार को नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार को भारतीय नौसेना की विस्फोटक आयुध निपटान टीम द्वारा किए गए प्रारंभिक विश्लेषण और आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।
शनिवार को हुआ था संदिग्ध हमला
बता दें कि 20 भारतीय और एक वियतनामी चालक दल के सदस्य के साथ एमवी केम प्लूटो पर शनिवार को एक संदिग्ध ड्रोन द्वारा हमला किए जाने के बाद आग लग गई थी। आईसीजी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि इसे बाद में भारतीय तट रक्षक (आईसीजी) द्वारा सुरक्षित कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications