Indian Idol 12 में शत्रुघ्न सिन्हा ने सुनाया अपनी शादी का वो मजेदार किस्सा...जब सास ने उन्हें कहा था 'कालिया'
मुंबई, 07 जुलाई। इंडियन आइडल 12 इस साल जितना चर्चा में है, इससे पहले शायद ही इस शो का कोई सीजन सुर्खियों में रहा होगा। इंडियन आइडल के सीजन 12 को लेकर विवाद की शुरुआत दिग्गज सिंगर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार के बतौर गेस्ट शो में शामिल होने के बाद हुई थी। इसके बाद कई और वजहों से भी शो चर्चा में रहा, जिसका फायदा उसकी टीआरपी को पहुंचा। अब बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर ये शो फिर से खबरों की हेडलाइन बना हुआ है।

इंडियन आइडल 12 में पहुंचे थे शत्रुघ्न-पूनम
बीते सप्ताह इंडियन आइडल 12 में स्पेशल गेस्ट के तौर पर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी पूनम शो में पहुंचे। इस दौरान कंटेस्टेंट ने शत्रुघ्न की फिल्मों के गाने गाए और उन्होंने भी कई अनसुने किस्से स्टेज पर साझा किए। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि उन्हें एक्ट्रेस पूनम से शादी करने के लिए कितने पापड़ बेलने पड़े थे। दरअसल, कंटेस्टेंट अतुल ने अपनी परफॉर्मेंस के बाद शत्रुघ्न की बॉलीवुड में एंट्री को लेकर सवाल किया। अतुल ने पूछा कि आप एक्टर कैसे बने?

शादी को लेकर शत्रुघ्न ने बताई ये बात
मजेदार अंजाद में इस सवाल का जवाब देते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'मेरा कांफीडेंस ही मेरी पूंजी रही, मेरी ऐसी शक्ल होने के बाद भी मुझे पता था कि मैं एक्टर बन जाऊंगा।' इसके साथ ही उन्होंने अपनी शादी का जिक्र किया जब उनके भाई पूमन की मां से उनका हाथ मांगने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अपनी सासू मां को वह पसंद नहीं थे। शत्रुघ्न ने कहा, 'मेरी सासू मां को मैं पसंद नहीं था, जब मैंने पूनम से शादी के लिए रिश्ता भेजा था तो उन्होंने मना कर दिया था।'

'मेरी बेटी गोरी है और तुम्हारा भाई कालिया'
शत्रुघ्न सिन्हा के मुंह से ये बातें सुन सभा कंटेस्टेंट और जज हिमेश रेशमिया, सोनू कक्कड़ और अनु मलिक भी चौंक गए। शत्रुघ्न ने आगे बताया, 'जब मैंने पूनम से शादी के लिए अपनी सासू मां के पास रिश्ता भेजा था तो उन्होंने मना कर दिया था। उन्होंने मेरे भाई से यह बोलते हुए शादी से इनकार कर दिया कि मेरी बेटी गोरी है और तुम्हारा भाई कालिया है।' शत्रुघ्न सिन्हा ने कंटेस्टेंट के हैंडसम वाले कमेंट पर मजाक करते हुए कहा कि इस बात से उनकी पत्नी सहमत नहीं हो सकती।

कलर्ड फोटोग्राफ भी आएगी ब्लैक एंड व्हाइट
शत्रुघ्न सिन्हा आगे कहते हैं, 'वो (सास) कहती थीं कि मैं अपनी बेटी से शादी कराऊं, मेरी बेटी इतनी गोली-चिट्टी है, तुम्हारा भाई इतना कालिया है...इन दोनों को खड़ा करके कलर्ड फोटोग्राफ भी खींचोगे तो ब्लैक एंड व्हाइट का इफेक्ट आएगा...ये कह के सासू मां ने मुझे रिजेक्ट कर दिया था।' बता दें कि 2019 में, द कपिल शर्मा शो में भी शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बात का जिक्र किया था कि किस तरह उनके भाई राम सिन्हा और निर्देशक एनएन सिप्पी उनकी शादी का प्रस्ताव लेकर पूनम के घर गए थे।

प्रपोजल से नाराज हो गईं थीं सास
हालांकि पूनम की मां ने न सिर्फ रिश्ते को ठुकरा दिया था बल्कि दोनों के प्रपोजल लेकर आने से नाराज भी हो गईं। शत्रुघ्न से शादी के बाद पूनम काफी हद तक फिल्मों से दूर रहीं। उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर जोधा अकबर में देखा गया था, जिसमें उन्होंने ऋतिक रोशन की मां की भूमिका निभाई थी। इस बीच शत्रुघ्न ने हाल के वर्षों में अपना ध्यान राजनीति पर स्थानांतरित कर दिया है। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें: इंडियन आइडल से बाहर आते ही सवाई भाट ने रिलीज किया पहला गाना, दो दिन में लाखों व्यूज, Youtube पर ट्रेंड












Click it and Unblock the Notifications