ब्रिटेन से भारत आने वाली सभी फ्लाइट्स 31 दिसंबर तक बंद, इन देशों पर भी लग सकती है पाबंदी
नई दिल्ली। Coronavirus New Strain In Britain लंदन में कोरोना वायरस (Coronavirus) की नई किस्म से दुनियाभर में दहशत का माहौल खड़ा हो गया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने तो लंदन में लॉकडाउन लगा दिया है। वहीं भारत में भी कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर हलचल पैदा हो गई है। इस बीच भारत सरकार ने बहुत बड़ा फैसला लेते हुए ब्रिटेन से भारत आने वाली सभी फ्लाइट पर रोक लगा दी है। ये रोक 31 दिसंबर तक जारी रहेगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, सरकार का ये आदेश 22 दिसंबर रात 11:59 बजे से लागू होगा।
Recommended Video

कल रात से पहले भारत आने वाले यात्रियों का होगा RT-PCR
इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उन यात्रियों के लिए निर्देश जारी किए हैं, जो यूके से फ्लाइट में बैठ चुके हैं और 22 दिसंबर की रात 11:59 बजे से पहले भारत पहुंचने वाले हैं। मंत्रालय ने ऐसे यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर आरटी-पीसीआर टेस्ट अनिवार्य कर दिए हैं। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे यात्रियों को RT-PCR टेस्ट के बाद ही एयरपोर्ट से बाहर निकलने दिया जाएगा।
अन्य यूरोपियन देशों से भी आने वाली फ्लाइट हो सकती हैं निलंबित
इसके अलावा केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने कहा है कि यूके के साथ-साथ अगर अन्य यूरोपियन देश जैसे कि जर्मनी, बेल्जियम या फ्रांस में नए कोरोना वायरस के फैलाव को लेकर कोई जानकारी मिलती है तो हम इन देशों से भी आने वाली फ्लाइट को निलंबित कर देंगे।
केजरीवाल और गहलोत ने की थी फ्लाइट रद्द करने की मांग
आपको बता दें कि सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारत सरकार से यूके के सभी फ्लाइट को बैन करने की मांग की थी। केजरीवाल ने कहा था कि यूनाइटेड किंगडम में कोरोना के नए स्ट्रेन से हलचल है और वो सुपर स्प्रेडर की तरह काम कर रहा है। ऐसे में भारत सरकार को यूके की सभी फ्लाइट बैन करनी चाहिए। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि यूनाइटेड किंगडम में कोरोना की नई स्ट्रेन की खबर चिंताजनक है, भारत सरकार को इस मामले में तुरंत एक्शन लेना चाहिए और UK, अन्य यूरोपीय देशों से आने वाली फ्लाइट तुरंत बैन करनी चाहिए।
ये देश कर चुके हैं यूके जाने वाली फ्लाइट को बैन
आपको बता दें कि लंदन में कोरोना वायरस की नई किस्म के खतरे को देखते हुए कई यूरोपिय देशों ने यूके जाने वाली फ्लाइटों को रद्द कर दिया है। इनमें फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया और इटली ऐसे देश हैं, जिन्होंने UK की फ्लाइट पर बैन लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications