भारत-सऊदी अरब मुक्त व्यापार समझौते में आएगी तेजी, दोनों देशों ने जताई सहमति
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही भारत-खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) वार्ता में तेजी लाने पर सहमत हुए। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ेगा।
मामले में कांसुलर, पासपोर्ट और वीजा डिवीजन (सीपीवी) के सचिव औसाफ सईद ने बताया कि दोनों भारत-जीसीसी एफटीए वार्ता में तेजी लाने के लिए सहमत हुए हैं। दोनों ने फिनटेक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और स्थानीय मुद्राओं में व्यापार पर भी सहमति जताई।

दरअसल 25 अगस्त 2004 को भारत और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच आर्थिक सहयोग पर एक फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसमें ये बात कही गई थी कि दोनों पक्ष व्यापार संबंधों को बढ़ाने और उसे उदार बनाने के तरीकों पर काम करेंगे। इसी के तहत मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पर बातचीत शुरू हुई।
Recommended Video
वित्त वर्ष 2021-22 में द्विपक्षीय व्यापार के साथ जीसीसी भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, जिसकी वैल्यू 154 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है। इसमें निर्यात का मूल्य लगभग 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर और आयात लगभग 110 बिलियन अमेरिकी डॉलर है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक भारत और जीसीसी के बीच सेवाओं में द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य वित्त वर्ष 2021-22 में लगभग 14 बिलियन अमेरिकी डॉलर था, जिसमें निर्यात का मूल्य 5.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर और आयात का मूल्य 8.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा।
जीसीसी देश भारत के तेल आयात में लगभग 35 प्रतिशत और गैस आयात में 70 प्रतिशत का योगदान करते हैं। 2021-22 में जीसीसी से भारत का कुल कच्चे तेल का आयात लगभग 48 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। इसी तरह 2021-22 में एलएनजी और एलपीजी का आयात लगभग 21 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। भारत में जीसीसी के निवेश का मूल्य वर्तमान में 18 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है।
औसाफ सईद के मुताबिक क्राउन प्रिंस की यात्रा के दौरान भारत और सऊदी अरब ने पश्चिमी तट रिफाइनरी परियोजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन के लिए अपना पूरा समर्थन दिया। इसके अलावा सऊदी क्राउन प्रिंस ने सफल जी20 आयोजन के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने भारत-यूएई-सऊदी-ईयू कॉरिडोर का भी स्वागत किया।












Click it and Unblock the Notifications